Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राजगढ़: छात्र से मारपीट के मामले में 3 महीने बाद भी कार्रवाई नहीं, DEO-DPC के बीच घूम रही फाइल; स्कूल को मिली क्लीन चिट पर सवाल

राजगढ़ के खिलचीपुर स्थित वीएस कॉन्वेंट स्कूल में छात्र से मारपीट के मामले में तीन महीने बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। DEO ने DPC को रिमाइंडर भेजने की बात कही है।
राजगढ़: छात्र से मारपीट के मामले में 3 महीने बाद भी कार्रवाई नहीं, DEO-DPC के बीच घूम रही फाइल; स्कूल को मिली क्लीन चिट पर सवाल
खिलचीपुर के वीएस कॉन्वेंट स्कूल में छात्र से मारपीट के मामले में कार्रवाई का इंतजार

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर के वीएस कॉन्वेंट स्कूल में 25 अगस्त को छठी कक्षा के एक छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया था। इस मामले में शिक्षिका अलीशा और स्कूल संचालक सूरजमल पर छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट करने के आरोप लगे थे। घटना के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा और जांच की प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि, मामले में कार्रवाई को लेकर अब शिक्षा विभाग की भूमिका पर ही सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय विभागीय स्तर पर केवल पत्राचार किया जा रहा है। लगातार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद अब तक स्कूल प्रबंधन पर किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

मारपीट के मामले में ये सबूत आए सामने

इस पूरे मामले में पीड़ित परिवार और सामने आए दस्तावेजों के आधार पर तीन महत्वपूर्ण बिंदु उठाए जा रहे हैं।

अस्पताल की MLC रिपोर्ट: घटना के बाद पीड़ित छात्र का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया था। इसकी MLC रिपोर्ट को मामले से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया जा रहा है।

स्कूल संचालक का लिखित जवाब: आरोप है कि बीईओ की ओर से जारी नोटिस के जवाब में स्कूल संचालक ने अपने लिखित पत्र में मारपीट की बात स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी।

जांच रिपोर्ट पर सवाल: जिस ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने पहले स्कूल को नोटिस जारी किया था, उसी अधिकारी ने बाद में जांच अधिकारी के रूप में ऐसी रिपोर्ट दी, जिसमें अपराध सिद्ध नहीं होने की बात कही गई। इस विरोधाभास को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

DEO ने DPC को लिखा पत्र, फिर भेजा रिमाइंडर

मामले में जिला शिक्षा अधिकारी सावन पाटीदार का कहना है कि स्कूल पर कार्रवाई के लिए जिला परियोजना समन्वयक (DPC) को पत्र लिखा गया है। कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा रिमाइंडर भी भेजा गया है। DEO के मुताबिक, कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों की मान्यता से संबंधित विषय DPC के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसलिए आगे की कार्रवाई भी उन्हीं के स्तर से होनी है। हालांकि, इस जवाब के बाद सवाल यह उठ रहा है कि जब मामला तीन महीने से अधिक पुराना है, तो अब तक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी क्यों नहीं हो सकी?

जिला पंचायत CEO ने दण्ड स्कूल का किया निरीक्षण, बच्चों से बोर्ड पर हल कराए गणित के सवाल; साथ बैठकर खाया मध्यान्ह भोजन

बीईओ की जांच रिपोर्ट पर भी उठ रहे सवाल

इस मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चुनीलाल दांगी की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि उन्होंने पहले स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया और बाद में खुद ही जांच अधिकारी बनकर अपराध सिद्ध नहीं होने की रिपोर्ट दे दी। ऐसे में जांच की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों की मांग है कि इस रिपोर्ट की उच्चस्तरीय समीक्षा कराई जाए और जरूरत पड़ने पर नए अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए।

न्याय नहीं मिला तो भोपाल तक पहुंचेंगे परिजन

स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार और सामाजिक संगठनों में नाराजगी बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि यदि जिला प्रशासन और कलेक्टर जल्द कार्रवाई नहीं करते हैं, तो वे मामले से जुड़े दस्तावेजों के साथ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग और स्कूल शिक्षा मंत्री के समक्ष शिकायत करेंगे।

खिलचीपुर में संबल योजना के तहत 10 हितग्राहियों को मिले 19 लाख रुपए, विधायक हजारीलाल दांगी ने बांटे स्वीकृति पत्र

SDM ने नहीं दिया मामले पर जवाब

मामले में एसडीएम ज्योति राजोरिया का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क किया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने मामला सुनने के बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। दोबारा संपर्क करने पर भी कॉल रिसीव नहीं किया गया।

बड़ा सवाल: कार्रवाई के लिए और कितने सबूत चाहिए?

छात्र से मारपीट के मामले में मेडिकल रिपोर्ट, स्कूल संचालक के कथित लिखित कबूलनामे और जांच रिपोर्ट को लेकर उठे सवालों के बावजूद कार्रवाई लंबित है। अब निगाहें जिला शिक्षा विभाग और DPC कार्यालय पर हैं। देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या मामला पत्राचार तक ही सीमित रह जाता है।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts