'तेहरान छोड़ना बेहतर होगा, परमाणु हथियार की कोई छूट नहीं'... G7 सम्मेलन छोड़कर अमेरिका लौटे राष्ट्रपति ट्रंप ने खामनेई को दी कड़ी चेतावनी

Follow on Google News
'तेहरान छोड़ना बेहतर होगा, परमाणु हथियार की कोई छूट नहीं'... G7 सम्मेलन छोड़कर अमेरिका लौटे राष्ट्रपति ट्रंप ने खामनेई को दी कड़ी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष में सिर्फ युद्धविराम (सीजफायर) नहीं, बल्कि एक स्थायी और निर्णायक समाधान चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह जी-7 सम्मेलन से इसलिए जल्दी नहीं लौटे क्योंकि वे किसी सीजफायर पर काम कर रहे थे, बल्कि हालात की गंभीरता को देखते हुए वह सीधे एक ठोस नीति अपनाना चाहते हैं।

'ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे'

ट्रंप ने जोर देकर कहा कि "ईरान को किसी भी सूरत में परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जा सकती। इस मामले में सिर्फ सरेंडर ही विकल्प है।" उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल द्वारा किए गए हमलों ने ईरान को भारी नुकसान पहुंचाया है और अब उसे उम्मीद है कि तेहरान का परमाणु कार्यक्रम स्थायी रूप से नष्ट किया जा सकता है।

मोसाद हेडक्वार्टर पर ईरान का हवाई हमला

17 जून को ईरान ने इजरायल की खुफिया एजेंसी 'मोसाद' के तेल अवीव स्थित हेडक्वार्टर पर हवाई हमला किया। साथ ही, इजरायली सैन्य खुफिया एजेंसी 'AMAN' की इमारत को भी निशाना बनाया गया। यह हमला इजरायल के उन मिसाइल हमलों का जवाब था जो बीते पांच दिनों से ईरान की सैन्य ठिकानों पर किए जा रहे हैं।

अली खामेनेई के करीबी अधिकारी की मौत

इस हवाई संघर्ष में ईरान को बड़ा झटका लगा है। इजरायल के जवाबी हमले में ईरान के मेजर जनरल अली शादमानी की मौत हो गई। वे हाल ही में खतम-अल-अनबिया हेडक्वार्टर (सैन्य आपात कमान) के प्रमुख बने थे। शादमानी को ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई का बेहद करीबी माना जाता था।

अमेरिका ने दी चेतावनी – हमारे सैनिकों पर हमला मत करना

ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी कि यदि उसने मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों या सैनिकों पर हमला किया, तो अमेरिका पूरी तरह से जवाब देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि "हम युद्ध नहीं चाहते, लेकिन हम तैयार हैं। अमेरिका की सुरक्षा सर्वोपरि है।"
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts