लव जिहाद केस पर बेटमा में उबाल, युवती से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल होने के आरोपों के बाद बवाल

बेटमा। एक हिंदू युवती को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म करने तथा अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के आरोप सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू समाज में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस द्वारा आरोपी फैजल पिता फारुख खान को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाने की सूचना के बाद थाने के बाहर लोगों की संख्या और बढ़ गई।
मुख्य आरोपी के साथ एक अन्य भी संदिग्ध
स्थानीय रहवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, सोशल मीडिया पर कथित तौर पर वायरल की गई सामग्री की जांच तथा घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका होने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था संभाली। थाना प्रभारी रणजीत सिंह बघेल ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं करने की अपील की। इसके बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया।
एक दिन पहले विधायक मनोज पटेल पहुंचे थे थाने
क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल भी एक दिन पहले बेटमा थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली और मामले में त्वरित, निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई पर जोर दिया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विधायक पटेल ने कथित ‘लव जिहाद’, ‘लैंड जिहाद’ और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को लेकर प्रशासन से सख्ती बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि हिंदू बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने तथा जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
इंदौर के पब से सामने आई मामले की कड़ी
बताया जा रहा है कि मामले की कड़ी इंदौर के एक पब में पकड़े गए बेटमा क्षेत्र के तीन युवकों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान सामने आई। मोबाइल फोन में मिले कथित फोटो-वीडियो और अन्य तथ्यों के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। इसके बाद बेटमा पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ मोबाइल फोन एवं अन्य संभावित डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सामने आए तथ्यों के पीछे वास्तविक घटनाक्रम क्या है और कथित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर किस माध्यम से प्रसारित हुए।
ये भी पढ़ें: Bilaspur: दोस्त की पत्नी से संबंध,वीडियो बनाकर ब्लैकमेल का आरोप,पति-पत्नी ने रची हत्या की खौफनाक साजिश
पुलिस कोर्ट से मांगेगी रिमांड
थाना प्रभारी रणजीत सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा और पुलिस द्वारा रिमांड की मांग की जाएगी। रिमांड मिलने पर आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि मामले में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

बजरंग दल ने लगाया कथित नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
बजरंग दल प्रखंड अध्यक्ष आकाश जायसवाल ने आरोप लगाया कि आरोपी के कुछ दोस्त और अन्य लोग भी इस पूरे मामले से जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा हिंदू युवतियों को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर उनके अश्लील फोटो-वीडियो बनाए जाते हैं और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया जाता है। जायसवाल ने दावा किया कि इस घटना की जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से अन्य हिंदू युवतियों से संबंधित फोटो-वीडियो भी मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो पूरे नेटवर्क का खुलासा कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच, अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के घेरे में
मामले में पुलिस मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित फोटो-वीडियो कब और कैसे बनाए गए, उन्हें सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया तथा वायरल सामग्री के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या समूह की भूमिका तो नहीं है।
ये भी पढ़ें: सीहोर के इछावर में पानी से भरे गड्ढे ने निगल ली तीन जिंदगियां, दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चों की मौत
मेडिकल के बाद आरोपी को कोर्ट भेजा
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस की ओर से मामले से संबंधित आवश्यक रिपोर्ट एवं दस्तावेज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। घटना के बाद बेटमा क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है।














