चाय बनाने आई... करोड़ों ले गई !नर्स पर डॉक्टर से ₹2 करोड़ ऐंठने का आरोप

बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले से ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक 65 वर्षीय निजी अस्पताल संचालक डॉक्टर ने अपनी ही अस्पताल में कार्यरत नर्स पर स्पाई कैमरे और निजी तस्वीरों के जरिए कई वर्षों तक ब्लैकमेल कर करीब दो करोड़ रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। डॉक्टर का कहना है कि आरोपी महिला उन्हें झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने, निजी फोटो और वीडियो वायरल करने तथा जान से मरवाने की धमकी देकर लगातार पैसे ऐंठती रही। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी नर्स को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
चाय बनाने के बहाने कमरे में जाती थी नर्स
डॉक्टर की शिकायत के अनुसार, आरोपी कमला उर्फ कमलेश दिसंबर 2016 से उनके अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। आरोप है कि नाइट ड्यूटी के दौरान वह चाय बनाने के बहाने डॉक्टर के निजी कमरे में आती-जाती थी। इसी दौरान उसने डॉक्टर की निजी तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। बाद में इन्हीं के आधार पर कथित रूप से ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हुआ।
प्रतिष्ठा बचाने के लिए देता रहा पैसे
डॉक्टर का आरोप है कि नर्स लगातार धमकी देती थी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगी, झूठा रेप केस दर्ज करा देगी और उन्हें जान से भी मरवा सकती है। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा और अस्पताल की साख बचाने के लिए वह लगातार पैसे देते रहे। शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी अब तक करीब 2 करोड़ रुपए वसूल चुकी है। इनमें लगभग 35 लाख रुपए अस्पताल के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि नर्स ने उनसे खाली चेक और स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर भी करवा लिए थे।
CCTV और अलग मोबाइल से रखती थी नजर
शिकायत के मुताबिक, आरोपी नर्स ने डॉक्टर को एक अलग मोबाइल फोन और सिम कार्ड इस्तेमाल करने के लिए मजबूर किया था, जिसे हर समय चालू रखना पड़ता था। आरोप है कि उसने अस्पताल के CCTV कैमरों के पासवर्ड भी अपने कब्जे में ले लिए थे और डॉक्टर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखती थी। डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि एक बार जब वह अहमदाबाद गए थे, तब आरोपी ने उन्हें करीब 1000 कॉल किए। कॉल रिसीव नहीं करने पर उसने कथित तौर पर डॉक्टर की निजी तस्वीरें अस्पताल के अन्य कर्मचारियों को दिखाईं।
CJP का 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान, छात्रों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 17 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, आरोपी नर्स कमला उर्फ कमलेश ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि डॉक्टर खुद को बचाने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












