CJP का 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान,छात्रों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार, 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन ने छात्रों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से बड़ी संख्या में इस आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की है। CJP का कहना है कि यह प्रदर्शन पेपर लीक मामले, छात्रों से जुड़े मुद्दों और हालिया पुलिस कार्रवाई के खिलाफ एकजुटता दिखाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा। संगठन ने इस अभियान की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक डिजिटल पोस्टर के माध्यम से दी है। पोस्टर में देशभर के लोगों से अपने-अपने जिलों में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की गई है।
हर जिले में एक दिन का शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील
CJP ने अपने अभियान को 'Every District. One Day. One Demand.' थीम के साथ आगे बढ़ाया है। संगठन ने कहा है कि देश के प्रत्येक जिले में एक दिन के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया जाए, ताकि छात्रों की मांगों और हालिया घटनाओं को लेकर एकजुटता का संदेश दिया जा सके। संगठन ने छात्र संगठनों और स्थानीय सामाजिक संस्थाओं से प्रशासनिक अनुमति लेकर स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन आयोजित करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की भी अपील की है।
पेपर लीक और छात्रों की मांगों को लेकर जारी है आंदोलन
CJP का आंदोलन मुख्य रूप से पेपर लीक मामले और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्रित है। प्रदर्शनकारी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर कई दिनों से धरना जारी है और हाल के दिनों में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद यह आंदोलन और चर्चा में आ गया। संगठन का कहना है कि देशव्यापी प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा और पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले लोगों के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की जाएगी।
SOP और ज्ञापन का प्रारूप वेबसाइट पर उपलब्ध
CJP ने बताया कि प्रदर्शन से संबंधित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP), प्रचार सामग्री (Collaterals) और ज्ञापन (Memorandum) का प्रारूप संगठन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। इन दस्तावेजों के आधार पर स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। पोस्टर के अंत में "इंकलाब जिंदाबाद" और "भारत माता की जय" जैसे नारों के साथ लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।












