'शौचालय बनाने की बात पर संसद में उड़ाया मजाक', PM मोदी ने सुनाया पुराना किस्सा, जानें क्या बोले?

कभी शौचालय बनाने की बात पर संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाया गया था। अब इसी पुराने किस्से को याद करते हुए उन्होंने कहा कि देश में गरीबी को लेकर लोगों की सोच बदली है। शनिवार को पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में IIT के 75 साल पूरे होने पर आयोजित समारोह में पीएम मोदी ने कई मुद्दों पर बात की। इस दौरान उन्होंने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 से 13 साल में भारत के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
गरीबी एक समस्या
पीएम मोदी ने कहा कि पहले देश में गरीबी को ऐसी समस्या माना जाता था, जिसे खत्म करना लगभग नामुमकिन है। सरकारें गरीबी हटाने के नारे तो देती थीं, लेकिन जब काम करने की बारी आती थी, तो फैसले फाइलों में ही दबकर रह जाते थे। उन्होंने कहा कि देश की बड़ी आबादी को गरीबी खत्म करने की राह में सबसे बड़ी रुकावट माना जाता था। इसी सोच के कारण कई जरूरी फैसले लेने की हिम्मत नहीं दिखाई जाती थी। लेकिन अब भारत ने अपनी सोच बदली है और नई संभावनाओं की तरफ कदम बढ़ाए हैं।
शौचालय बनाने की बात पर संसद में उड़ाया था मजाक
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने उस समय का किस्सा सुनाया, जब उन्होंने गरीबों के लिए शौचालय बनाने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि जब उनकी सरकार पहली बार सत्ता में आई, तब उन्होंने लाल किले से ऐलान किया था कि गरीबों के घरों में शौचालय बनवाए जाएंगे। इस घोषणा पर संसद में कुछ लोगों ने उनका मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा था, 'यह कैसा प्रधानमंत्री है, जो शौचालय बनाने की बात कर रहा है?' पीएम मोदी ने कहा कि उन लोगों को यह समझ नहीं आया कि गरीब परिवारों के लिए शौचालय कितना जरूरी है। खासकर महिलाओं और माताओं के लिए इसकी जरूरत और भी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 12 सालों में लोगों की इसी सोच को बदलने का काम किया है।
50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पिछले 12 से 13 साल के दौरान 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। यह उस सोच का नतीजा है, जिसमें देश अपनी पुरानी सीमाओं को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने अपनी सरकार का मंत्र 'पावर टू एम्पावर' बताया, यानी लोगों को आगे बढ़ने और खुद को मजबूत बनाने का अवसर देना।
IIT के छात्रों को दिया 'नेशन फर्स्ट' का मंत्र
IIT खड़गपुर के छात्रों और पुराने विद्यार्थियों से बात करते हुए पीएम मोदी ने 'नेशन फर्स्ट' यानी देश सबसे पहले की सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने काम से देश की तरक्की में योगदान देना चाहिए और साथ ही अपने लिए भी नए अवसर बनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर ने 75 साल में शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। अब संस्थान के छात्रों और पूर्व छात्रों को ऐसा काम करना चाहिए कि जब IIT अपनी 100वीं वर्षगांठ मनाए, तब तक भारत एक विकसित देश बन चुका हो।
स्पेस सेक्टर में युवाओं की बढ़ रही भागीदारी
प्रधानमंत्री ने भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में हो रहे बदलावों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पेस सेक्टर के दरवाजे युवाओं और निजी कंपनियों के लिए खोल दिए हैं। इससे देश के कई स्टार्टअप अंतरिक्ष से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने IIT खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन कुमार चंदना का उदाहरण दिया। पवन चंदना स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक हैं। उनकी कंपनी ने भारत का पहला निजी रॉकेट बनाया। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे कई स्टार्टअप आज भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं।
सेमीकंडक्टर बनाने में भी भारत ने बढ़ाए कदम
पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर सेक्टर को लेकर भी पुरानी घटना याद की। उन्होंने बताया कि करीब 50 साल पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर बनाने के लिए आई थी, लेकिन उस समय उसे मना कर वापस भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने सेमीकंडक्टर मिशन शुरू करने की बात की, तब कुछ लोगों ने इसे बहुत देर से उठाया गया कदम बताया। इसके बावजूद सरकार ने इस मिशन पर काम शुरू किया। पीएम मोदी के मुताबिक, अब भारत चिप का निर्यात भी करने लगा है।
बोले- अपनी सोच को छोटा मत रखिए
अपने भाषण में पीएम मोदी ने 'लिमिटिंग बिलीफ्स' यानी खुद अपनी सोच पर सीमाएं लगाने की आदत पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपने सपनों, हुनर और देश की क्षमता को खुद ही सीमित कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कोई व्यक्ति या देश अपनी सोच की सीमाओं से बाहर नहीं निकलता, तब तक वह अपनी असली ताकत को पहचान नहीं सकता। पिछले कुछ सालों में भारत ने यह दिखाया है कि पुरानी सोच को बदलकर नई उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे होने पर आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में एक खास स्मारक सिक्का भी जारी किया।




















