टिकट नहीं मिलने से आहत अवधेश नायक का बड़ा बयान:दिग्विजय सिंह पर लगाए गंभीर आरोप, कांग्रेस छोड़ने के दिए संकेत

दतिया। अवधेश नायक ने कहा कि 2023 में भी उनका टिकट कटवाया गया था और इस बार भी उनके साथ ऐसा ही हुआ। उन्होंने दावा किया कि उन्हें अगली बार टिकट देने का आश्वासन मिला था। अब समर्थकों से चर्चा के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।
फेसबुक लाइव में जताई नाराजगी
सोशल मीडिया पर भाजपा में शामिल होने की खबरें सामने आने के बाद अवधेश नायक ने फेसबुक लाइव कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनका भाजपा में जाने का कोई मन नहीं है। साथ ही यह भी संकेत दिए कि वह कांग्रेस छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय समर्थकों से चर्चा के बाद लिया जाएगा और उसी के अनुसार आगे की राजनीतिक दिशा तय होगी।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर थाने के निरीक्षण पर पहुंचे एसपी : साफ-सफाई और रिकॉर्ड व्यवस्था की जमकर की सराहना
दिग्विजय सिंह पर लगाए गंभीर आरोप
फेसबुक लाइव के दौरान अवधेश नायक ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर 2023 के विधानसभा चुनाव और मौजूदा उपचुनाव में टिकट कटवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2023 में उनसे कहा गया था कि वह RSS के कार्यकर्ता हैं और दोबारा भाजपा में जा सकते हैं। नायक ने यह भी कहा कि बाद में दिग्विजय सिंह ने मंच से इस बात के लिए उनसे माफी भी मांगी थी।
2023 में भी किया था कांग्रेस के लिए काम
अवधेश नायक ने बताया कि वर्ष 2023 में प्रत्याशी घोषित होने के बाद राजेंद्र भारती को टिकट दिए जाने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस के लिए पूरी निष्ठा से काम किया था। ऐसा इसलिए किया क्योंकि उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि अगली बार उन्हें टिकट मिलेगा। इस बार उपचुनाव में उनका नाम चर्चा में रहा, लेकिन पार्टी ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बना दिया, जिससे उनके समर्थकों और परिजनों में नाराजगी है।
ये भी पढ़ें: एक शादी ऐसी भी… 264 पौधों के उपहार से यादगार बना पार्थ-अनवी का विवाह, पौधों के साथ हुई रिंग एक्सचेंज
भाजपा में जाने से किया इनकार
अवधेश नायक ने कहा कि उन्होंने 2023 में भाजपा नेताओं से नाराज होकर पार्टी छोड़ी थी और अब भाजपा में शामिल होने का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस और भाजपा के कई नेता उनसे मिलने उनके घर आए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह से कोई नाराजगी नहीं है, क्योंकि वह उनके बड़े भाई जैसे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अब राजनीति से उनका मन उचट रहा है और तीर्थयात्रा पर जाने का विचार भी मन में आ रहा है।












