सोहागपुर थाने के निरीक्षण पर पहुंचे एसपी :साफ-सफाई और रिकॉर्ड व्यवस्था की जमकर की सराहना

सोहागपुर। थाने में वॉलीबॉल खेल मैदान का शुभारंभ थाना प्रभारी की व्यक्तिगत रुचि का परिणाम है। यह नवाचार अन्य पुलिस थानों में भी किया जा सकता है लेकिन इसके लिए थाना प्रभारी की रुचि ही मायने रखती है। यह बात सोहागपुर पुलिस थाने का वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे एसपी सांई कृष्णा एस थोटा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने पुलिस थाना परिसर में साफ सफाई एवं समस्त रिकार्ड व्यवस्थित मिलने पर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी एवं उनके अधीनस्थ स्टाफ की सराहना की। उन्होंने कहा कि थानों का वार्षिक निरीक्षण किया जाना पुलिस प्रशासन की प्रक्रिया का हिस्सा है।
सोहागपुर पुलिस की जमकर की तारीफ
सोहागपुर पुलिस स्टाफ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां लंबित अपराधों का प्रतिशत बहुत कम है। यहां पंजीबद्ध प्रकरणों के निपटान की दर भी अधिक है। विभिन्न प्रकार की पंजिया एवं उनके रिकार्ड दुरुस्त पाए गए। एसपी के निरीक्षण के दौरान एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी , सेमरी हरचंद एवं शोभापुर पुलिस चौकी प्रभारियों के साथ चौकी एवं स्थानीय पुलिस थाने का बल मौजूद रहा। निरीक्षण के दौरान एसपी श्री थोटा ने थाना प्रांगण में आम के एक पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।



पुलिस बल में कमी जिले के सभी थानों की समस्या- एसपी
एसपी ने पुलिस बल में कमी को जिले के सभी थानों की समस्या बताते हुए कहा कि यह समस्या सिर्फ सुहागपुर पुलिस थाने की नहीं है अपितु जिले के सभी पुलिस थानों में यह स्थिति है। इस समस्या के निराकरण के लिए शासन द्वारा पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रियाएं संपादित की जा रही हैं। भर्ती के माध्यम से जब प्रदेश में पर्याप्त पुलिस बल होगा तब जिले को भी मिलेगा। लगातार पुलिस कर्मियों की भर्ती होने से यह समस्या भी एक दिन समाप्त हो जाएगी। क्षेत्र के पारदी टोलों के अपराधियों को आश्रय स्थल में तब्दील होने संबंधी प्रश्न का जवाब देते हुए एसपी थोटा ने कहा कि समूचा पारदी समाज अपराधिक गतिविधियों में लिप्त नहीं है। इस समाज की कई महिलाएं मेहनत मजदूरी करके अपना लालन पोषण कर रही हैं समाज के कई बच्चे स्कूल जा रहे हैं। क्षेत्र में यदि यह समाज शासन की योजनाओं एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से स्थापित हुआ है।
पूरे समाज को आपराधिक गतिविधि में लिप्त होना बताकर इन्हें किसी स्थान से बेदखल नहीं किया जा सकता। यदि ऐसा होगा तो फिर यह लोग कहां जाएंगे? इसलिए पारदी समाज के अपराध मुक्त मानसिकता वाले लोगों के लिए हमदर्दी होनी चाहिए पुलिस भी लगातार उनकी काउंसलिंग कर इन्हें अपराध से दूरी बनाने को प्रेरित करती है। सेमरी हरचंद एवं शोभापुर पुलिस चौकी अब तक पुलिस थानों में तब्दील नहीं होने संबंधी प्रश्न पर एसपी ने कहा कि यह शासन स्तर से होना है जो कार्रवाई हमारे स्तर से होनी थी वह हम कर चुके हैं। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मढई में पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी खोले जाने संबंधी सवाल पर एसपी ने कहा कि हम सिर्फ प्रस्ताव बनाकर भेज सकते हैं बाकी पुलिस चौकी खोल जाने के लिए आवश्यकता , स्थान का चयन एवं पुलिस बल की उपलब्धता जैसे कई बिंदु महत्वपूर्ण होते हैं जिनका निर्णय भी शासन को ही करना होता है।











