जम्मू-कश्मीर में अगले महीने होंगे विधानसभा चुनाव: रेड्डी
केंद्रीय मंत्री ने चुनाव को लेकर किया खुलासा

नई दिल्ली। लंबे समय बाद जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का आयोजन अब जल्द ही हो सकता है। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को बताया कि राज्य में विधानसभा चुनाव का आयोजन सितंबर में किया जाएगा। बता दें, जम्मू-कश्मीर में साल 2014 के बाद से विधानसभा चुनाव का आयोजन नहीं हुआ है।
2019 राज्य से धारा 370 के हटाए जाने के बाद जम्मू कश्मीर को केंद्रशासित प्रदेश बना दिया गया था। साथ ही लद्दाख को जम्मू-कश्मीर से अलग कर दिया गया था। रेड्डी को भाजपा ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। सोमवार को जम्मू के बाहरी इलाके में रैली करते हुए रेड्डी ने घाटी में विकास की गति बनाए रखने और आतंकवाद को उखाड़ने लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की है।





















