Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Assembly By-Election Result 2024 : 7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव में NDA पर भारी पड़ा इंडी गठबंधन, बंगाल में ममता का जादू, 1 निर्दलीय की जीत

Follow on Google News
Assembly By-Election Result 2024 : 7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव में NDA पर भारी पड़ा इंडी गठबंधन, बंगाल में ममता का जादू, 1 निर्दलीय की जीत
नई दिल्ली। देश के 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। इसमें कांग्रेस और TMC ने 4-4 सीटें जीती हैं। जबकि BJP 2 सीटों पर जीत हासिल कर सकी। AAP, डीएमके और निर्दलीय ने 1-1 सीटें जीत ली हैं। इस बार इंडी गठबंधन एनडीए पर भारी पड़ा। भाजपा को उपचुनाव में सिर्फ 2 सीटों पर जीत से संतोष करना पड़ा। वहीं जालंधर सीट आम आदमी पार्टी जीती है। तो पश्चिम बंगाल में सभी चार सीटों पर TMC ने कब्जा जमा लिया है। हिमाचल प्रदेश में मुकाबला 2-1 का रहा है, जहां 2 सीटों पर सत्ताधारी कांग्रेस जीती और एक पर बीजेपी ने जीत हासिल की। बिहार की रुपौली सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है यहां निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने जेडीयू और आरजेडी जैसे दलों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल कर ली है। आइए जानते हैं इस चुनाव में कौन सी पार्टी किस राज्य में चुनाव जीती है।

7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे

  1. बिहार की रुपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह 8246 वोटों के अंतर से जीते
  2. हिमाचल प्रदेश की देहरा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर 9399 वोटों के अंतर से जीतीं
  3. हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा 1571 वोटों के अंतर से जीते
  4. हिमाचल प्रदेश की नालागढ़ सीट पर कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा 8990 वोटों के अंतर से जीते
  5. मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह 3252 वोटों के अंतर से जीते
  6. पंजाब की जालंधर सीट पर आप प्रत्याशी मोहिंदर भगत 37325 वोटों के अंतर से जीते
  7. तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर DMK प्रत्याशी अन्नियुर शिवा ने 67757 वोटों के अंतर से जीते
  8. उत्तराखंड की मंगलौर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन 422 वोटों के अंतर से जीते
  9. उत्तराखंड की बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला 5224 वोटों के अंतर से जीते
  10. पश्चिम बंगाल की रायगंज सीट पर TMC प्रत्याशी कृष्णा कल्याणी 50077 वोटों के अंतर से जीते
  11. पश्चिम बंगाल की रानाघाट दक्षिण सीट पर TMC प्रत्याशी मुकुट मणि अधिकारी 39048 वोटों के अंतर से जीते
  12. पश्चिम बंगाल की बागदा सीट पर TMC प्रत्याशी मधुपर्णा ठाकुर 33455 वोटों के अंतर से जीतीं
  13. पश्चिम बंगाल की मानिकतला सीट पर TMC प्रत्याशी सुप्ति पांडे ने 62312 वोटों के अंतर से जीतीं

मध्य प्रदेश में खिला कमल

मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट पर बीजेपी से कमलेश शाह 3252 वोटों से जीत गए हैं तो वहीं कांग्रेस से धीरन शाह की हार हो गई है। कांग्रेस 17वें राउंड तक आगे थी। आखिरी के तीन राउंड में बाजी पलटी और भाजपा जीत गई। 2023 के विधानसभा चुनाव में अमरवाड़ा सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, लेकिन कमलेश शाह बाद में बीजेपी में शामिल हो गए, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई।

बिहार में बड़ा उलटफेर, निर्दलीय की जीत

बिहार की रुपौली सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है यहां निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने जेडीयू और आरजेडी जैसे दलों को पीछे छोड़ते हुए 8246 वोटों से जीत हासिल कर ली है। जेडीयू के कलाधर मंडल दूसरे नंबर पर रहे जबकि इस सीट से विधायक रही बीमा भारती तीसरे नंबर पर रहीं। बीमा भारती के जेडीयू में शामिल होने की वजह से यहां सीट रिक्त हुई थी।

हिमाचल प्रदेश में मुकाबला 2-1 का रहा है

हिमाचल प्रदेश की तीन सीटों में से 2 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। देहरा सीट से मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने कड़े मुकाबले में देहरा सीट से बीजेपी उम्मीदवार को 9399 मतों से हरा दिया। वहीं नालागढ़ सीट से कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने बीजेपी के केएल ठाकुर को 8990 वोटों से हराया। हमीरपुर में बीजेपी के आशीष शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा को कड़े मुकाबले में 1571 वोटों से हराया। पहले ये तीनों सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के पास थी।

पंजाब में AAP ने दी सभी को मात

पंजाब की जालंधर पश्चिम सीट से आम आदमी पार्टी के मोहिंदर भगत ने बीजेपी के शीतल अंगुरल 37325 वोटों से हराया। पहले यह सीट आम आदमी पार्टी के पास ही थी और शीतल ही यहां से विधायक थे, लेकिन बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए, जिसके बाद यहां उपचुनाव हुआ।

तमिलनाडु में DMK की जीत

तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर सत्ताधारी DMK ने जीत हासिल की है। डीएमके के अन्नियुर शिवा @ शिवाशनमुगम ए ने पट्टाली मक्कल काची पार्टी (PMK) के अन्बुमणि. सी को 67757 वोटों से हराया।

उत्तराखंड में कांग्रेस ने मारी बाजी

उत्तराखंड में मंगलौर और बद्रीनाथ सीट पर उपचुनाव हुआ था। बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने 5224 वोटों से बीजेपी के राजेंद्र भंडारी को शिकस्त दी। राजेंद्र भंडारी ही पहले यहां से विधायक थे, लेकिन बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए थे। वहीं मंगलौर सीट जो बसपा विधायक सरबत करीम अंसारी के निधन के बाद खाली हुई थी, उस सीट पर कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने बाजी मारी और कड़े मुकाबले में उन्होंने बीजेपी के करतार सिंह भड़ाना को 5224 से अधिक वोटों से हराया।

पश्चिम बंगाल में TMC ने किया क्लीन स्वीप

राज्य की चार विधानसभा सीटों पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने क्लीन स्वीप किया है। रायगंज, बागदा, राणाघाट और मानिकतला सीट पर टीएमसी उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की है। रायगंज सीट से TMC प्रत्याशी कृष्णा कल्याणी ने बीजेपी उम्मीदवार मानस कुमार घोष को 50077 वोटों से शिकस्त दी। वहीं बागदा सीट पर TMC की मधुपर्णा ठाकुर ने 33455 वोटों से जीत हासिल की। इसके अलावा रानाघाट दक्षिण सीट से TMC के मुकुट मणि ने बीजेपी के मनोज कुमार बिस्वास को 39048 वोटों से हराया। जबकि, मानिकतला सीट पर TMC की सुप्ती पांडे ने बीजेपी के कल्याण चौबे को 62312 वोटों से हराया है। ये भी पढ़ें- Amarwara By Election Result 2024 : अमरवाड़ा में खिला कमल, भाजपा 3252 वोटों से जीती; आखिरी के तीन राउंड में पलटी बाजी
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts