Asian Games 2026 Live: भारत के पहले दिन का पूरा अपडेट, शूटिंग फाइनल से क्रिकेट और टेबल टेनिस तक

Live Updates
11:42 AM 20/09/26
एलावेनिल ने जीता सिल्वर मेडल
भारत की एलावेनिल वलारिवान ने 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। 22 शॉट के बाद वह 231.9 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई थीं और गोल्ड के लिए जापान की ताइची से मुकाबला था। आखिरी शॉट में ताइची ने 10.2 और एलावेनिल ने 10.1 अंक हासिल किए, जिससे जापानी निशानेबाज ने गोल्ड जीत लिया। यह एलावेनिल का एशियन गेम्स में पहला मेडल है। वह 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत इवेंट में एशियन गेम्स सिल्वर जीतने वाली दूसरी भारतीय बन गई हैं। इससे पहले 2010 में गगन नारंग ने यह उपलब्धि हासिल की थी। एलावेनिल ने भारत को शूटिंग में एक और सिल्वर मेडल दिलाया है।
11:34 AM 20/09/26
एलावेनिल ने पक्का किया मेडल
स्टेज-2 की पांचवीं सीरीज खत्म होने के बाद एलावेनिल वलारिवान टॉप-3 में बनी हुई हैं। उन्होंने 211.1 अंक हासिल किए हैं और फिलहाल गोल्ड मेडल की पोजीशन पर हैं।
11:30 AM 20/09/26
सोनम मस्कर फाइनल से बाहर
क्वालिफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहने वाली सोनम मस्कर फाइनल में छठे स्थान पर रहीं और उनका सफर यहीं खत्म हो गया। अगले शॉट के बाद चीन की वांग भी बाहर हो गईं। वहीं एलावेनिल 190.3 अंकों के साथ अभी भी टॉप पर बनी हुई थीं।
11:28 AM 20/09/26
वरुण सान्याल मेडिकल तौर पर अनफिट, एशियन गेम्स अभियान खत्म
भारतीय MMA फाइटर वरुण सान्याल को मेडिकल तौर पर अनफिट घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही 77 किग्रा के ट्रेडिशनल वर्ग में उनका मुकाबला भी रद्द हो गया और एशियन गेम्स में उनका अभियान खत्म हो गया।
वरुण भारत की ओर से आइची-नागोया एशियन गेम्स में MMA के एकमात्र पुरुष प्रतिनिधि थे। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, वजन कम करने के लिए खाना और पानी सीमित करने के बाद सॉना सेशन के करीब 30 मिनट बाद उन्हें चक्कर, हल्कापन और मांसपेशियों में ऐंठन की शिकायत हुई। जांच में हल्का डिहाइड्रेशन पाया गया। उन्हें IV फ्लूइड या दवा नहीं दी गई और डॉक्टरों ने मौखिक रूप से पानी और नमक लेने की सलाह दी। इससे पहले भारत की दूसरी MMA प्रतिभागी सुचिका तारियाल हुड्डा ने महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किग्रा वर्ग में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को हराकर पदक पक्का किया था।
11:26 AM 20/09/26
एलावेनिल 15 शॉट के बाद भी टॉप पर
10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में भारत की एलावेनिल वलारिवान का शानदार प्रदर्शन जारी है। 15 शॉट के बाद वह 159.1 अंकों के साथ टॉप पर बनी हुई हैं। वहीं भारत की दूसरी निशानेबाज सोनम मस्कर पांचवें स्थान पर हैं।
11:19 AM 20/09/26
हैंडशेक भी हुआ
भारत और बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीमों के बीच इस बार कप्तानों ने हाथ मिलाया। इससे पहले एशिया कप में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना के बीच हैंडशेक नहीं हुआ था। उस घटना पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा था कि यह निगार सुल्ताना का व्यक्तिगत फैसला था। इस बार दोनों कप्तानों ने हाथ मिलाया।
11:17 AM 20/09/26
शूटिंग फाइनल में एलावेनिल टॉप पर
10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में छह सीरीज होंगी और हर सीरीज में पांच शॉट होंगे। दो सीरीज के बाद खिलाड़ियों का एलिमिनेशन शुरू होगा। भारत की एलावेनिल वलारिवान ने शानदार शुरुआत करते हुए 10 शॉट के बाद 106 अंक हासिल किए हैं और फिलहाल टॉप पर हैं। वहीं सोनम 104.2 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
11:05 AM 20/09/26
शूटिंग का फाइनल शुरू
महिलाओं की शूटिंग स्पर्धा का फाइनल शुरू हो गया है। भारत की एलावेनिल और सोनम उन 8 निशानेबाजों में शामिल हैं, जो तीन मेडल के लिए मुकाबला कर रही हैं। क्वालिफिकेशन राउंड में सोनम से चार स्थान पीछे रहते हुए एलावेनिल 7वें नंबर पर रही थीं।
10:49 AM 20/09/26
भारत ने इंडोनेशिया को 3-0 से हराया
भारत ने पुरुष टीम टेबल टेनिस के ग्रुप एफ मुकाबले में इंडोनेशिया को 3-0 से हरा दिया। तीसरे टाई में मनुष शाह ने प्रतामा अफ्फान को 11-9, 11-9, 12-10 से मात दी। भारत का अगला मुकाबला कल ईरान से होगा, जबकि सोमवार को पाकिस्तान से सामना होगा।
10:46 AM 20/09/26
स्मृति मंधाना ने बनाया रिकॉर्ड
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एशियन गेम्स में रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
10:18 AM 20/09/26
भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी
भारत और बांग्लादेश के बीच महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का सेमीफाइनल निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जा रहा है। मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
बांग्लादेश की प्लेइंग XI: दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, सोभना मोस्तारी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शोर्ना अख्तर, शर्मिन अख्तर, शंजीदा अख्तर मेघला, राबेया खान, नाहिदा अख्तर, मारुफा अख्तर और सुल्ताना खातून।
भारत की प्लेइंग XI: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़।
Asian Games 2026 Day 1 Live Updates: 20वें एशियन गेम्स का आज पहला दिन है। आइची-नागोया में जारी इस खेल महाकुंभ में भारतीय खिलाड़ी क्रिकेट, निशानेबाजी, टेकबॉल, बैडमिंटन, वुशू, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, हॉकी और टेबल टेनिस समेत कई खेलों में अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं। भारत के पहले दिन के सभी मुकाबलों और नतीजों से जुड़े लेटेस्ट अपडेट के लिए इस लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें। भारत की ओर से इस बार 503 खिलाड़ी एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 269 पुरुष और 234 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ी 34 अलग-अलग खेलों में चुनौती पेश कर रहे हैं। भारतीय दल में सबसे ज्यादा 74 खिलाड़ी एथलेटिक्स में हैं। इसके बाद फील्ड हॉकी में 40 खिलाड़ी हैं। क्रिकेट और शूटिंग में भारत के 30-30 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जबकि कबड्डी में 24 सदस्यीय टीम उतरी है। पिछले एशियन गेम्स यानी 2022 में हांगझोउ में भारत ने 661 खिलाड़ियों का दल भेजा था। उस संस्करण में भारत ने कुल 106 पदक जीते थे, जो एशियन गेम्स में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। इस बार भारतीय खिलाड़ी उस प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के इरादे से मैदान में उतर रहे हैं।
भारत ने जीता टॉस, बांग्लादेश पहले करेगा गेंदबाजी
क्रिकेट मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीत लिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है और बांग्लादेश की टीम पहले गेंदबाजी करेगी।




















