अनूपपुर में जंगली हाथियों के हमले में किसान की मौत, वन विभाग की फायरिंग में 2 घायल, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

अनूपपुर। मध्यप्रदेश में इन दिनों हाथियों का उत्पात चरम पर है। हाथियों के आतंक का ताजा मामला अनूपपुर जिले से सामने आया है। जहां बीते दिन हाथियों के हमले में एक किसान की मौत हो गई। जिससे नाराज किसानों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। टीम ने भी जवाबी फायरिंग कर दी। जिसमें दो किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सीएम ने मुआवजा राशि का किया ऐलान
वहीं, इस मामले को संज्ञान में लेते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतक किसान के परिजनों को 10 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों के उचित इलाज को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए हैं।CM ने मृतक के परिजनों को वन विभाग के नियमों के अनुरूप 8 लाख और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान अनुदान से 2 लाख की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के जीविकोपार्जन हेतु शासन द्वारा हर संभव मदद की जाएगी।





















