न्यूयॉर्क।AI की बड़ी कंपनी Anthropic ने अपने Claude 5.5 फैमिली का तीसरा मॉडल, Claude Haiku 5.5 लॉन्च किया है। कंपनी अपने प्रपोज्ड IPO से पहले अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पोर्टफोलियो को बढ़ा रही है। Anthropic का यह नया मॉडल Claude Opus 5.5 और Claude Sonnet 5.5 के लॉन्च के बाद आया है, जिससे अलग-अलग एंटरप्राइज और डेवलपर जरूरतों के लिए थ्री-टियर लाइनअप पूरा हो गया है। नया मॉडल लॉन्च करते हुए Anthropic ने कहा कि इसे ज्यादा वॉल्यूम वाले और कम लागत वाले काम के लिए डिजाइन किया गया है।
यह काम कर सकता है नया मॉडल
यह क्लासिफिकेशन, समराइजेशन, जानकारी निकालना, लाइव कस्टमर सपोर्ट, वॉइस एजेंट और इन-ऐप असिस्टेंट जैसे कामों के लिए उपयुक्त है। Anthropic के अनुसार, Haiku 5.5 अब तक का उसका सबसे तेज छोटा मॉडल है। इसे ऐसे एप्लिकेशन के लिए बनाया गया है जहां स्पीड और कम लागत जरूरी हैं।
कम लागत वाले विकल्प के तौर पर पेश किया
Anthropic, Haiku 5.5 को अपने मॉडल फैमिली में कम लागत वाले विकल्प के तौर पर पेश कर रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस मॉडल की कीमत इसके पिछले वर्जन, Claude Haiku 4.5 से लगभग 75% कम है। 100,000 टोकन (7,50,000 शब्द या करीब 1,500 से 2,000 पेज की घनी लिखावट) से कम के प्रॉम्प्ट के लिए कीमत $0.10 प्रति मिलियन इनपुट टोकन और $0.50 प्रति मिलियन आउटपुट टोकन से शुरू होती है। लंबे प्रॉम्प्ट के लिए, लागत बढ़कर $0.50 प्रति मिलियन इनपुट टोकन और $2.50 प्रति मिलियन आउटपुट टोकन हो जाती है।
बार-बार के वर्क लोड को संभालता है
कंपनी ने कहा कि यह मॉडल बार-बार होने वाले और बड़े पैमाने के वर्कलोड को कुशलतापूर्वक संभालने के लिए बनाया गया है। इसमें डेटाबेस क्वेरी, समरी और क्लासिफिकेशन रिक्वेस्ट शामिल हैं। एंथ्रोपिक ने यह भी बताया कि Haiku 5.5 कोडिंग और अन्य जटिल वर्कफ्लो के लिए एक सब-एजेंट के रूप में अपने बड़े मॉडल, Opus 5.5 और Sonnet 5.5 के साथ काम कर सकता है। खास यह है कि इस लॉन्च के साथ नए सुरक्षा फीचर भी पेश किए गए हैं। एंथ्रोपिक ने कहा कि Haiku 5.5 पहला Haiku-क्लास मॉडल है जिसमें हाई-रिस्क वाले साइबर सिक्योरिटी अनुरोधों की एक लिमिटेड कैटेगरी के लिए इन-बिल्ट सुरक्षा उपाय शामिल हैं।
एफर्ट सेटिंग का ऑप्शन भी शामिल
कंपनी ने कहा कि ये सुरक्षा उपाय स्पेसिफिक सिक्योरिटी चिंताओं को दूर करने के लिए डिजाइन किए गए हैं। यह सुनिश्चित करते हैं कि सामान्य डेली यूज केस प्रभावित न हों। इसके अलावा, मॉडल में एक एडजस्टेबल एफर्ट सेटिंग शामिल है। यह यूजर्स को उनकी जरूरतों के आधार पर परफॉर्मेंस, इंटेलिजेंस और ऑपरेशनल कॉस्ट को बैलेंस करने की अनुमति देती है।