आंध्र प्रदेश के प्रकाशम (मारकापुरम) जिले में गुरुवार सुबह एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रायवरम के पास एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
इस दर्दनाक हादसे में करीब 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। हरिकृष्णा ट्रैवल्स की एक प्राइवेट बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर की ओर जा रही थी। जब बस रायवरम के पास खदानों के इलाके से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रहे बजरी से लदे डंपर (टिपर ट्रक) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि, बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही सेकंड में बस में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री नींद में थे और उन्हें समझ ही नहीं आया कि अचानक क्या हुआ। बस के पिछले हिस्से में बैठे कई यात्री आग और धुएं की वजह से बाहर नहीं निकल पाए। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों को बचने का मौका तक नहीं मिला। आग की लपटों और धुएं के कारण कुछ लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि आग इतनी तेज थी कि उसे काबू में करने में काफी समय लगा। दमकल कर्मियों को करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। जब तक आग बुझी, तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बचाव दल ने बस के मलबे से शवों को निकालने का काम शुरू किया।
[featured type="Featured"]
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। आशंका है कि कुछ शव अभी भी बस के जले हुए ढांचे में फंसे हो सकते हैं। रेस्क्यू टीम मलबे को हटाकर जांच कर रही है ताकि किसी भी फंसे हुए यात्री को बाहर निकाला जा सके। मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
हादसे में घायल हुए करीब 20 यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को आसपास के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद देने की बात कही गई है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहने दी जाए। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं और प्रशासन से पूरी रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने यह भी कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और सरकार पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगी।
पुलिस और प्रशासन ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि, बस और डंपर के बीच टक्कर काफी तेज रफ्तार के कारण हुई। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं वाहन चालक की लापरवाही या तकनीकी खराबी तो इस दुर्घटना की वजह नहीं बनी।
[breaking type="Breaking"]
देश में पिछले कुछ महीनों में बसों में आग लगने की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है।
25 दिसंबर 2025: कर्नाटक में स्लीपर बस में आग
कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक स्लीपर बस में टक्कर के बाद आग लग गई थी। इस हादसे में 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। रात करीब 2:30 बजे तेज रफ्तार लॉरी डिवाइडर तोड़कर दूसरी ओर चली गई और सामने से आ रही प्राइवेट बस से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे उन्हें बचने का मौका नहीं मिला।
5 नवंबर 2025: राजस्थान में एसी बस में आग
राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर एक एसी स्लीपर बस में आग लगने से 20 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी और रास्ते में अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग फैल गई।