IPL से पंजाब टीम तक...!विराट-युवराज के साथी रहे क्रिकेटर अमनप्रीत गिल का निधन

स्पोर्ट्स डेस्क। पंजाब के पूर्व क्रिकेटर अमनप्रीत सिंह गिल के निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। 36 साल की उम्र में बुधवार सुबह चंडीगढ़ में उनका निधन हो गया। अमनप्रीत लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही पंजाब क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ी, अधिकारी और फैंस दुखी हो गए।
IPL टीम पंजाब किंग्स ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अमनप्रीत को श्रद्धांजलि दी। टीम ने कहा कि अमनप्रीत पंजाब क्रिकेट का अहम हिस्सा थे और उन्होंने हमेशा गर्व के साथ टीम का प्रतिनिधित्व किया।
PCA ने कहा- समर्पण और जुनून से की सेवा
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए गहरा दुख जताया। पीसीए ने अपने बयान में कहा कि अमनप्रीत सिंह गिल ने पंजाब क्रिकेट की सेवा पूरी निष्ठा, समर्पण और जुनून के साथ की। पीसीए ने लिखा हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिवार को इस दुख को सहने की ताकत मिले। जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार बुधवार शाम 4 बजे चंडीगढ़ के मनीमाजरा श्मशान घाट में किया गया।
कौन थे अमनप्रीत सिंह गिल?
अमनप्रीत सिंह गिल एक राइट आर्म मीडियम फास्ट गेंदबाज थे। उनका जन्म 16 सितंबर 1989 को हुआ था। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में पंजाब की ओर से खेलते हुए अपनी पहचान बनाई थी। क्रिकेट के शुरुआती दिनों में उन्हें मेहनती, शांत स्वभाव और टीम के लिए समर्पित खिलाड़ी माना जाता था। उन्होंने पंजाब के लिए कुल 6 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिनमें 11 विकेट अपने नाम किए। भले ही उनका करियर बहुत लंबा नहीं रहा, लेकिन डॉमेस्टिक क्रिकेट में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
IPL के पहले सीजन में पंजाब टीम का हिस्सा
अमनप्रीत सिंह गिल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के शुरुआती दौर में किंग्स इलेवन पंजाब टीम का हिस्सा रहे थे। उस समय टीम में कई बड़े भारतीय और विदेशी खिलाड़ी मौजूद थे। अमनप्रीत ने उस दौर में कई दिग्गज खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया। हालांकि उन्हें आईपीएल में ज्यादा मौके नहीं मिले।
यह भी पढ़ें: MS Dhoni IPL 2026 : धोनी के रिटायरमेंट की चर्चा तेज! क्या 10 मई को लेंगे संन्यास?
विराट कोहली-युवराज सिंह के साथ खेल चुके
अमनप्रीत सिंह गिल ने साल 2007 में श्रीलंका में आयोजित अंडर-19 ट्राइएंगुलर सीरिज में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इस टूर्नामेंट में विराट कोहली भी टीम का हिस्सा थे। बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमों के खिलाफ खेले गए इस टूर्नामेंट में अमनप्रीत भारतीय टीम के अहम सदस्य रहे थे। इसके अलावा उन्होंने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह के साथ भी क्रिकेट खेला था। दोनों ने अपने शुरुआती क्रिकेट करियर में एक साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था।
युवराज सिंह ने दी भावुक श्रद्धांजलि
पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने अमनप्रीत सिंह गिल के निधन पर दुख जताया। युवराज ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, अमनप्रीत सिंह गिल के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। वह एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर और बहुत अच्छे इंसान थे।
युवराज ने यह भी कहा कि अमनप्रीत एक शांत और मेहनती खिलाड़ी थे, जिन्हें क्रिकेट से बेहद प्यार था। उनके साथ बिताए गए पल हमेशा याद रहेंगे।
पंजाब क्रिकेट में अमनप्रीत काफी महत्वपूर्ण
क्रिकेट से दूरी बनाने के बाद भी अमनप्रीत सिंह गिल खेल से जुड़े रहे। उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर सिलेक्शन कमेटी में सदस्य के रूप में काम किया।
उन्होंने 2019-20, 2020-21, 2022-23 और 2024-25 सीजन में चयन समिति का हिस्सा रहते हुए कई युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। क्रिकेट को लेकर उनका अनुभव और समझ पंजाब क्रिकेट के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती थी।
यह भी पढ़ें: रोहित मैदान के लिए तैयार थे! लेकिन फिर ड्रेसिंग रूम में ऐसा क्या हुआ जिससे रोकी गई एंट्री?
साथी खिलाड़ियों और फैंस में शोक
अमनप्रीत के निधन की खबर के बाद पंजाब क्रिकेट से जुड़े कई खिलाड़ियों और फैंस ने सोशल मीडिया पर दुख जताया। उनके साथ खेलने वाले क्रिकेटरों ने उन्हें एक विनम्र, ईमानदार और टीम के लिए हमेशा तैयार रहने वाला खिलाड़ी बताया।











