Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Indore : कोहरे के कारण हवाई यातायात प्रभावित, 5 विमान की नहीं हो पाई लैंडिंग, वापस लौटे

Follow on Google News
Indore : कोहरे के कारण हवाई यातायात प्रभावित, 5 विमान की नहीं हो पाई लैंडिंग, वापस लौटे
इंदौर। शहर कल से ज्यादा आज घने कोहरे में डूबा रहा। इसके कारण हवाई यातायात सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। विमान इंदौर एयरपोर्ट से भी सुबह 6.25 से 9 बजे तक उड़ान नहीं भर सके। इंदौर में घने कोहरे के कारण करीब डेढ़ घंटे हवाई यातायात बंद रहा और इस दौरान इंदौर आए पांच विमानों को उतरने की अनुमति नहीं मिल पाई। मजबूरन इन विमानों को डायवर्ट कर अहमदाबाद ले जाया गया, वहीं यहां से जाने वाले विमानों को भी उड़ने की अनुमति नहीं मिल पाई। कोहरे के कारण यात्रियों को भी एयरपोर्ट पर पहुंचने में परेशानी हुई। कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है।

घंटों परेशान होते रहे यात्री

इंदौर में दूसरे दिन गुरुवार को घना कोहरा छाया। दृश्यता कम होने से सुबह 8.30 बजे तक भी 100 मीटर आगे देखना मुश्किल हो रहा था। इस कारण वाहनों के हैडलाइट चालू रखना पड़े। शहर में कई स्थानों पर सुबह बूंदाबांदी भी हुई। देवी अहिल्याबाई अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुबह 9 बजे तक आने वाली 5 फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा। 5 विमानों को जब अहमदाबाद डायवर्ट किया गया तो वहां भी व्यवस्थाएं बिगड़ने लगीं। इसलिए सभी यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा गया और कहा गया कि मौसम साफ होने पर जब इंदौर से वेदर क्लीयरेंस मिलेगा, तब विमान इंदौर के लिए रवाना होंगे। इस कारण यात्री विमान में ही बैठे घंटों परेशान होते रहे। देखें वीडियो...

काफी समय तक हवा में चक्कर काटते रहे विमान

डायवर्ट हुए विमानों में इंडिगो के जयपुर, हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई और विस्तारा का दिल्ली से आया विमान शामिल हैं। जयपुर फ्लाइट सुबह 7 बजे, हैदराबाद फ्लाइट सुबह 7.10 बजे, मुंबई फ्लाइट सुबह 8.05 बजे, बेंगलुरु फ्लाइट सुबह 8.15 बजे और विस्तारा की दिल्ली से 7.20 बजे फ्लाइट इंदौर आती है। यह सभी विमान अपने तय समय पर इंदौर तो पहुंचे, लेकिन यहां घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से इन्हें उतरने की अनुमति नहीं मिल पाई। सभी विमान मौसम सुधरने के इंतजार में काफी समय तक हवा में चक्कर काटते रहे, लेकिन जब मौसम नहीं सुधरा तो इन्हें डायवर्ट कर अहमदाबाद ले जाया गया। (इनपुट – हेमंत नागले) ये भी पढ़ें- इंदौर : बारिश थमने के बाद छाया घना कोहरा… विजिबिलिटी घटी; जनजीवन प्रभावित, तापमान में भी गिरावट दर्ज
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts