Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Air India के एक और विमान का इंजन खराब : यात्रियों को कोलकाता में उतारा, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही थी फ्लाइट

Follow on Google News
Air India के एक और विमान का इंजन खराब : यात्रियों को कोलकाता में उतारा, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही थी फ्लाइट
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI180 को मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी के चलते कोलकाता एयरपोर्ट पर रोका गया। यह विमान कोलकाता होकर मुंबई पहुंचने वाला था। सोमवार देर रात 12:45 बजे विमान बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) कोलकाता पहुंचा था और इसे रात 2:00 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन टेकऑफ से पहले विमान के बाएं इंजन में ओवरहीटिंग और संभावित यांत्रिक खराबी पाई गई, जिसके बाद उड़ान को रद्द करना पड़ा।

सुरक्षा के लिहाज से बड़ा फैसला

फ्लाइट में मौजूद कैप्टन ने सुबह करीब 5:20 बजे यात्रियों को सूचना दी कि तकनीकी जांच के चलते उन्हें विमान से उतरना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। एयरपोर्ट की तकनीकी टीम ने तत्काल विमान को ग्राउंड कर दिया और इंजन की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

यात्रियों के लिए की गई व्यवस्था

फ्लाइट में कुल 240 यात्री और 14 क्रू मेंबर्स सवार थे। सभी को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर कोलकाता एयरपोर्ट के टर्मिनल पर अस्थायी रूप से ठहराया गया। यात्रियों को खाने-पीने की सुविधा और आवश्यक रिफ्रेशमेंट प्रदान की गई। एअर इंडिया की ओर से कोलकाता से मुंबई के लिए वैकल्पिक उड़ान का प्रबंध किया जा रहा है। एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, नई उड़ान दोपहर 2 बजे तक रवाना हो सकती है, बशर्ते मौसम और तकनीकी स्थिति अनुकूल रहे।

एअर इंडिया का आधिकारिक बयान

एअर इंडिया ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, "हम इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं। हमारी प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है, इसलिए फ्लाइट को रद्द किया गया। हम वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था कर रहे हैं और यात्रियों को जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।" एयरलाइन ने यह भी आश्वासन दिया कि सभी यात्रियों को मुआवजा और रिफंड प्रक्रिया में मदद की जाएगी।

सोशल मीडिया पर यात्रियों ने जताई नाराजगी

हालांकि, कुछ यात्रियों ने एअर इंडिया पर देरी और सूचना की कमी का आरोप लगाया। एक यात्री ने ट्वीट किया, "हम कोलकाता में फंसे हुए हैं और अब तक नहीं बताया गया कि अगली फ्लाइट कब मिलेगी।" इस पर एअर इंडिया ने प्रतिक्रिया दी कि सभी यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से अपडेट किया जा रहा है।

लगातार तकनीकी खराबियों से चिंतित यात्री

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में एअर इंडिया और अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में तकनीकी खराबियों के कई मामले सामने आ चुके हैं: 16 जून: हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI315 में तकनीकी खराबी आने के कारण फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा। 16 जून: दिल्ली से रांची जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट टेकऑफ के तुरंत बाद दिल्ली लौटाई गई। 15 जून: ब्रिटिश एयरवेज की चेन्नई जाने वाली फ्लाइट और लुफ्थांसा की हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी। 13 जून: फुकेट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया फ्लाइट में बम की अफवाह के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। 12 जून: अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान हादसे में 275 लोगों की मौत हुई। लखनऊ: सऊदी फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान चिंगारी और धुआं निकलने की घटना सामने आई।  
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts