बम की धमकी के बाद Air India फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग, टॉयलेट में मिला धमकी भरा नोट

बम की धमकी मिलने के बाद सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली जा रही Air India की फ्लाइट को अहमदाबाद एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को धमकी की जानकारी मिलने के बाद विमान की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित उतारकर टर्मिनल तक पहुंचाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन तलाशी ली।
टॉयलेट में मिला 'बम' लिखा टिश्यू पेपर
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के एक क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में अंग्रेजी में 'बम' लिखा हुआ टिश्यू पेपर मिला था। क्रू मेंबर ने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पायलट ने नजदीकी अहमदाबाद एयरपोर्ट से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। धमकी की सूचना मिलते ही अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सभी जरूरी इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया।
विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान के उतरते ही उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद विमान में मौजूद सभी 32 यात्रियों को बाहर निकाला गया। यात्रियों को एयरपोर्ट बस के जरिए सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया गया। यात्रियों के सामान को भी अलग रखकर उसकी जांच शुरू की गई।
बम स्क्वॉड और सुरक्षा टीमों ने की तलाशी
विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद फायर ब्रिगेड, CISF, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा अधिकारियों और तकनीकी टीमों ने विमान के अंदर सीटों, टॉयलेट, कार्गो होल्ड और अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की।
जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक
सुरक्षा जांच के दौरान विमान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि धमकी वाला नोट किसने विमान में छोड़ा और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद आगे की प्रक्रिया सुरक्षा एजेंसियों की जांच के आधार पर तय की जाएगी।




















