अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI171 गुरुवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरने के बाद हुआ। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 232 यात्री और 10 चालक दल के सदस्य शामिल थे।
विमान में विभिन्न देशों के नागरिक सवार
दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787-8 विमान में सवार यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक थे। हादसे में घायल हुए यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एअर इंडिया ने जारी की इमरजेंसी हॉटलाइन
एअर इंडिया ने यात्रियों और उनके परिजनों को सहायता देने के लिए इमरजेंसी हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है। एअर इंडिया ने बताया कि वह घटना की जांच कर रहे अधिकारियों को पूरा सहयोग कर रही है। साथ ही, एअर इंडिया ने मीडिया कर्मियों से आग्रह किया है कि वे हॉटलाइन नंबर पर कॉल न करें और मीडिया से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए +91 9821414954 पर संपर्क करें।
कैसे हुआ हादसा ?
विमान दुर्घटना का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि विमान नीचे आ रहा है और अचानक आग का गोला बन जाता है। फिर अफरा-तफरी मच गई। लोग दुर्घटनास्थल की ओर भागे। दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। लोग मदद करते दिखे। आग बुझाते दिखे।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उड़ानें अस्थायी रूप से बंद
हादसे के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। एअर पोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे हवाई अड्डे पर आने से पहले अपनी संबंधित एअर लाइंस से ताजा जानकारी प्राप्त करें।
डीजीसीए ने शुरू की जांच
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। DGCA के अनुसार, हादसे के समय विमान हवाई अड्डे के पास के एक आवासीय क्षेत्र में गिरा। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
एअर इंडिया के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर देखें लाइव अपडेट
एअर इंडिया ने जानकारी दी है कि घटना से संबंधित सभी ताजा अपडेट उसके एक्स हैंडल (https://x.com/airindia) और आधिकारिक वेबसाइट (http://airindia.com) पर उपलब्ध कराए जाएंगे।