Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Ahmedabad Plane Crash : अनिल पटेल ने बेटे-बहू को खोया, बोले- फादर्स डे पर बेटा साथ नहीं है, बहुत याद आ रहा है

Follow on Google News
Ahmedabad Plane Crash : अनिल पटेल ने बेटे-बहू को खोया, बोले- फादर्स डे पर बेटा साथ नहीं है, बहुत याद आ रहा है
अहमदाबाद। एयर इंडिया के विमान हादसे ने देश को हिला कर रख दिया है। इस भीषण त्रासदी में 241 लोगों की जान चली गई। हादसे में कई परिवार उजड़ गए और अनगिनत सपने अधूरे रह गए। ऐसे ही एक शख्स हैं अनिल पटेल, जिन्होंने इस हादसे में अपने जवान बेटे और बहू को खो दिया। पीपुल्स अपडेट से खास बातचीत में अनिल ने अपनी पीड़ा साझा की और हादसे से जुड़े कई भावुक पहलुओं को बताया।

DNA सैंपलिंग के बाद परिजनों को सौंपे जा रहे शव

हादसे में मारे गए लोगों की पहचान के लिए DNA सैंपलिंग की जा रही है। अब तक 248 लोगों की सैंपलिंग की जा चुकी है। जैसे-जैसे DNA नमूने मैच हो रहे हैं, वैसे-वैसे शव उनके परिजनों को सौंपे जा रहे हैं। परिजन शवों को लेने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं, लेकिन कई लोगों को अभी भी इंतजार करना पड़ रहा है।

बेटे ने 2 साल बाद घर आकर दिया था सरप्राइज

अनिल पटेल ने बताया कि उनका बेटा हर्षित पटेल दो साल बाद घर आया था। यह उसकी सरप्राइज विजिट थी। वह 10 दिन अपने परिवार के साथ बिताने के बाद अपनी पत्नी पूजा पटेल को लेकर लंदन लौट रहा था। अनिल कहते हैं कि जाते हुए तो दोनों बहुत खुश थे। घर में रौनक थी, सब खुशहाल था।

पत्नी की मौत के बाद बहू ने निभाई बेटी की तरह जिम्मेदारी

अनिल ने भावुक होते हुए बताया कि उनकी पत्नी की मृत्यु के बाद उनकी बहू पूजा ने एक बेटी की तरह घर का और उनका ख्याल रखा। उन्होंने कहा, “बहू ने कभी ये एहसास नहीं होने दिया कि घर में मां नहीं है।”

प्रेम विवाह कर लंदन में बसने की थी योजना

हर्षित और पूजा का सात साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। अनिल के मुताबिक, “हर्षित, पूजा को लंदन लेकर जा रहा था। हमेशा के लिए दोनों वहीं शिफ्ट होने वाले थे। उनका भविष्य प्लान तैयार था।” उन्होंने आगे कहा कि बहू ने जाते समय कहा था, “पापा, अब आप मेरे मम्मी-पापा के साथ रहेंगे, कहीं और रहने की जरूरत नहीं है।”

फादर्स डे पर बेटे की याद में भावुक हुए अनिल

फादर्स डे के मौके पर अनिल पटेल की आंखें भर आईं। उन्होंने कहा, “आज फादर्स डे है, लेकिन मेरा बेटा मेरे साथ नहीं है। बहुत याद आ रहा है।” इतना कहते ही वो फूट-फूटकर रोने लगे।

बहन ने कहा- आज भाई को बहुत मिस कर रही हूं

हर्षित की बहन ने कहा कि हादसे की जानकारी सबसे पहले उनके पिता ने दी थी। उन्होंने कहा, “आज मैं अपने भाई को बहुत याद कर रही हूं। विश्वास ही नहीं हो रहा कि अब वो हमारे बीच नहीं है।” हर्षित की बहन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “DNA मिलान में बहुत देर हो रही है। हमें 3 दिन से इंतजार करना पड़ रहा है और अब तक पुष्टि नहीं हुई है।” हालांकि, उन्होंने ये भी स्वीकार किया कि हादसा बड़ा है, इसलिए प्रक्रिया में समय लग रहा है।

पूजा के चचेरे भाई ने कहा- हमें यह उम्मीद नहीं थी

पूजा पटेल के कजिन भाई ने कहा, “इस हादसे के बाद से हम सब शॉक में हैं। किसी ने भी ऐसा सोचा नहीं था। ये हादसा हमारे लिए एक बुरे सपने जैसा है। हादसे के बाद हमें बहुत देर तक यकीन ही नहीं हो रहा था।” अनिल पटेल के दोस्त ने कहा कि एक बाप के लिए जवान बेटे को खोना बहुत दुख की बात है। यह किसी के साथ नहीं होना चाहिए। (अहमदाबाद से जितेंद्र शर्मा की रिपोर्ट)
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts