Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बचपन में देखा एयर होस्टेस बनने का सपना किया पूरा, रोशनी सोंघरे का 10x10 के कमरे से आसमान तक का सफर थमा, अहदमदाबाद प्लेन क्रैश में गंवाई जान

Follow on Google News
बचपन में देखा एयर होस्टेस बनने का सपना किया पूरा, रोशनी सोंघरे का 10x10 के कमरे से आसमान तक का सफर थमा, अहदमदाबाद प्लेन क्रैश में गंवाई जान
महाराष्ट्र के डोंबिवली की रहने वाली 26 वर्षीय रोशनी राजेंद्र सोंघरे बचपन से ही आसमान में उड़ने का सपना देखती थीं। 10*10 के छोटे से कमरे में रहते हुए भी उन्होंने कभी अपने सपनों को छोटा नहीं होने दिया। पिता तकनीशियन थे, मां एक साधारण गृहिणी। लेकिन परिवार ने हर हाल में रोशनी का हौसला बढ़ाया। पढ़ाई और मेहनत के बाद आखिरकार रोशनी ने फ्लाइट अटेंडेंट बनने का सपना सच कर दिखाया।

स्पाइसजेट से एयर इंडिया तक का सफर

रोशनी ने करीब दो साल तक स्पाइसजेट में बतौर एयर होस्टेस काम किया। फिर उनकी काबिलियत ने उन्हें देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस एयर इंडिया तक पहुंचा दिया। ये उनके करियर का बड़ा मुकाम था। परिवार भी उनकी इस कामयाबी पर फूले नहीं समाता था।

हादसे से दो दिन पहले आई थीं गांव

प्लेन हादसे से महज दो दिन पहले ही रोशनी अपने गांव आई थीं। दादा-दादी, चाचा-चाची से मुलाकात की और कुलदेवता के दर्शन किए। परिवार वालों से खूब बातें की। इस साल घरवाले उनके लिए शादी का रिश्ता भी देखने वाले थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। घर लौटने के बाद वो लंदन की फ्लाइट पर ड्यूटी के लिए रवाना हो गईं, जहां अहमदाबाद हादसे में उनकी जिंदगी थम गई।

मां को नहीं दी गई बेटी की मौत की खबर

हादसे के बाद रोशनी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। लेकिन मां शोभा सोंघरे को अभी तक इस दर्दनाक खबर से दूर रखा गया है क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती। मामा ने बताया कि अभी केवल पिता और बड़ा भाई ही अहमदाबाद जाकर रोशनी का शव लेकर आ पाए। छोटा भाई विग्नेश फिलहाल नेवी की ड्यूटी पर है।

एयर इंडिया से नहीं आया कोई कॉल

रोशनी के पिता राजेंद्र सोंघरे का कहना है कि एयर इंडिया की ओर से अब तक उन्हें कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, कुछ सहकर्मी परिवार के साथ अहमदाबाद में मौजूद हैं। इस दुखद घड़ी में पूरा परिवार बेसुध है।

आसमान से था प्यार, इंस्टाग्राम बना था साथी

रोशनी के लिए फ्लाइट अटेंडेंट की नौकरी सिर्फ पेशा नहीं बल्कि उनका पहला प्यार थी। उन्हें उड़ानों से, यात्राओं से और आसमान से बेहद लगाव था। वे जहां भी जातीं, अपने इंस्टाग्राम अकाउंट 'Sky Loves Her' पर उसकी झलक दिखाती थीं। 54 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स उनकी मुस्कान और यात्राओं को देख उनकी खुशी में शामिल होते थे। लेकिन अब वही इंस्टाग्राम अकाउंट उनकी यादों का पन्ना बनकर रह गया है।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts