Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Bangalore Stampede : बेंगलुरु भगदड़ पर PM मोदी ने जताया दुख, बोले- जान गंवाने वालों के परिवार के प्रति संवेदना

Follow on Google News
Bangalore Stampede : बेंगलुरु भगदड़ पर PM मोदी ने जताया दुख, बोले- जान गंवाने वालों के परिवार के प्रति संवेदना
नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पहली आईपीएल खिताबी जीत का जश्न बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य घायल हो गए। हादसे ने जश्न के माहौल को मातम में तब्दील कर दिया।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया शोक

घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा- 'बेंगलुरु की यह दुर्घटना बेहद हृदयविदारक है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।' इसी तरह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

सम्मान समारोह में बदइंतजामी

यह आयोजन कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) द्वारा RCB टीम को सम्मानित करने के लिए किया गया था। हालांकि समारोह में सिर्फ पास और टिकट धारकों को एंट्री दी जानी थी, लेकिन करीब 3 लाख लोगों की भीड़ स्टेडियम के बाहर जमा हो गई। इस अनियंत्रित भीड़ ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया।

नाले पर रखा स्लैब टूटा, फिर मच गई भगदड़

सूत्रों के मुताबिक, स्टेडियम के पास एक नाले पर रखा गया अस्थाई स्लैब वहां खड़े लोगों के वजन से टूट गया। इसके टूटते ही लोगों में भगदड़ मच गई। भीड़ में कई लोग गिर पड़े, कुछ कुचले गए और कई घायल हो गए। हादसे में 13 से 35 वर्ष की उम्र के युवा मारे गए।
  • बॉरिंग अस्पताल : 6 मौतें (3 पुरुष, 3 महिलाएं)
  • वायदेही अस्पताल : 4 मौतें
  • मणिपाल अस्पताल : 1 मौत

सीएम सिद्धारमैया बोले- इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना पर कहा- RCB विधानसभा में पहुंची थी, लेकिन भगदड़ स्टेडियम के बाहर हुई। वहां 3 लाख लोग जमा हो गए। हमें इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। हमने इसकी तैयारी नहीं की थी। इस हादसे ने जीत की खुशी छीन ली। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वे खतरे से बाहर हैं।

10 लाख मुआवजे का किया ऐलान

सीएम सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। सभी घायलों का मुफ्त में इलाज किया जाएगा। सीएम ने कहा कि स्टेडियम में छोटे गेट थे। लोग गेट से घुस गए। गेट तोड़ दिए। तभी भगदड़ मच गई। किसी को उम्मीद नहीं थी।

डिप्टी सीएम बोले- इवेंट को 15 मिनट में खत्म करना पड़ा

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि सरकार ने 5,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए थे। हादसे के बाद हमें कार्यक्रम को 10-15 मिनट में समाप्त करना पड़ा। स्थिति बेहद संवेदनशील है।

वीडियो में दिखी अफरा-तफरी

घटना के बाद सामने आए वीडियो में अफरा-तफरी, घायल लोगों को कंधों पर उठाकर ले जाते लोग और भीड़ में फंसी एंबुलेंस का मंजर देखा गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts