अभिजीत दीपके बोले...आगे का प्लान कल बताएंगे, पंजाब पेपर लीक पर भी जल्द देंगे जवाब

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद खत्म हुए छात्र आंदोलन के बीच अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अपनी अगली रणनीति तैयार कर रही है। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि आंदोलन अभी खत्म हुआ है, इसलिए उन्हें थोड़ा समय दिया जाए। जल्द ही आगे की योजना का ऐलान किया जाएगा।
'पंजाब को लेकर भी जल्द करेंगे फैसला'
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में अभिजीत दीपके से पूछा गया कि पंजाब में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर CJP की क्या रणनीति होगी। इस पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी और संगठन फिलहाल इसकी तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा, पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कल ही खत्म हुआ है। हमें थोड़ा समय दीजिए, आगे की रणनीति जल्द बताएंगे।
'किसी भी छात्र पर केस नहीं होना चाहिए'
- अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों पर दर्ज मामलों को लेकर सरकार से बातचीत हो रही है।
- किसी भी छात्र के खिलाफ केस दर्ज नहीं होना चाहिए।
- CJP इसी मुद्दे को प्राथमिकता से उठा रही है।
कपिल सिब्बल से की मुलाकात
रविवार को अभिजीत दीपके राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल से मिलने उनके आवास पहुंचे। मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि छात्रों पर दर्ज मामलों को लेकर कानूनी पहलुओं पर चर्चा हुई।राजनीतिक और कानूनी जानकार इस मुलाकात को लीगल एडवाइज लेने की दिशा में अहम कदम मान रहे हैं। कपिल सिब्बल देश के वरिष्ठ वकीलों में गिने जाते हैं और लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर रहे हैं।
36 दिन बाद खत्म हुआ आंदोलन
CJP के नेतृत्व में 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हुआ छात्र आंदोलन 25 जुलाई को समाप्त हुआ। आंदोलन के दौरान NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की जा रही थी। धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आंदोलन खत्म करने का ऐलान किया गया।
यह भी पढ़ें: NEET पेपर लीक के बाद PM मोदी का बड़ा ऐलान, नंदन नीलेकणि की अगुवाई में बनेगी परीक्षा सुधार टास्क फोर्स
आंदोलन के बाद भी जारी हैं राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
आंदोलन खत्म होने के बाद भी इस मुद्दे पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
PM मोदी ने बनाई हाईपावर टास्क फोर्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में हाईपावर टास्क फोर्स बनाने का ऐलान किया है। यह टीम परीक्षा सुधार और पारदर्शिता पर काम करेगी।
राहुल गांधी ने अमित शाह को लिखा पत्र
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन और लाठीचार्ज को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि कार्रवाई का आदेश किसने दिया और सादे कपड़ों में मौजूद लोगों की तैनाती किसके निर्देश पर हुई।
सोमवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होंगे सोनम वांगचुक
छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए 26 दिन तक अनशन पर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सबसे पहले राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वह लद्दाख के लिए रवाना होंगे।











