Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

फरीदाबाद में पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी की हत्या, पार्किंग की छोटी-सी बात बनी जानलेवा, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

हरियाणा के फरीदाबाद में पड़ोसियों के बीच लंबे समय से चल रहा झगड़ा एक कारोबारी अधिकारी की जान ले गया। पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी परमजीत धनखड़ की उनके ही पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पहले दोनों परिवारों के बीच पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर कई बार विवाद हुआ था।
फरीदाबाद में पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी की हत्या, पार्किंग की छोटी-सी बात बनी जानलेवा, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
फरीदाबाद हत्याकांड

फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-21C में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 5 नवंबर 2026 को हुई इस घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो में पड़ोसी मोनू शर्मा पहले परमजीत को बात करने के लिए नीचे बुलाता है और फिर अचानक उन पर गोलियां चलाने लगता है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच करीब चार साल से विवाद चल रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

चार साल पुरानी लड़ाई ने लिया खतरनाक रूप

फरीदाबाद के सेक्टर-21C में रहने वाले परमजीत धनखड़ अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते थे। आरोपी मोनू शर्मा उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता था और स्क्रैप का कारोबार करता है। पुलिस की जांच के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच करीब चार साल से अनबन चल रही थी। शुरुआत पड़ोसी के जर्मन शेफर्ड कुत्ते को लेकर हुई थी। आरोप था कि कुत्ते को परमजीत के घर के सामने शौच कराया जाता था। बाद में गाड़ी खड़ी करने और पार्किंग की जगह को लेकर भी दोनों पक्षों में कई बार झगड़ा हुआ।

मणिपुर में हथियारों का मिला जखीरा, 10 फुट का रॉकेट देख सुरक्षा बल भी अलर्ट

बेटे से विवाद के बाद बढ़ा मामला

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन सुबह परमजीत के बेटे शौर्य और मोनू के बीच पार्किंग का गेट तोड़ने को लेकर बहस हुई थी। इस दौरान गाली-गलौज भी हुई। इसके बाद परमजीत अपने दोस्तों के साथ शिकायत देने अनखीर पुलिस चौकी पहुंचे। वहां मोनू भी पहुंच गया। परमजीत के दोस्तों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। मोनू मेडिकल जांच कराने की बात कहकर वहां से चला गया। पुलिस के अनुसार, इसी घटना के बाद उसने हत्या की योजना बनाई।

 

बातचीत के बहाने नीचे बुलाकर चलाई गोलियां

CCTV फुटेज में मोनू परमजीत को पार्किंग के मुद्दे पर बात करने के लिए नीचे बुलाता दिखाई देता है। कुछ देर दोनों के बीच बातचीत होती है। वीडियो में परमजीत हाथ जोड़कर अपनी बात समझाते नजर आते हैं। उनका बेटा भी बीच में बोलने की कोशिश करता है लेकिन परमजीत उसे रोक देते हैं। इसी दौरान मोनू अपनी पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर देता है। गोली चलने पर शौर्य वहां से भाग जाता है। हमले में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।

घायल हालत में भी किया बचने का प्रयास

एक दूसरे CCTV वीडियो में परमजीत सोसायटी के मुख्य गेट की तरफ जाते दिखाई देते हैं। मोनू उनका पीछा करता हुआ वहां पहुंच जाता है। इस दौरान परमजीत उसका कॉलर पकड़कर उसे नीचे गिरा देते हैं। तभी परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचते हैं। इसके बाद मोनू दोबारा गोलियां चलाता है। वीडियो में आरोपी को गाली देते हुए और 'हैप्पी दिवाली' कहते हुए भी सुना जा सकता है। इस हमले में परमजीत की जान चली गई।

पंजाब में ससुराल पहुंचकर छिपाई कार

वारदात के बाद मोनू अपनी XUV-700 कार से फरार हो गया और पंजाब के पटियाला स्थित अपनी ससुराल पहुंचा। पुलिस जांच के अनुसार, वहां उसने कार और खून से सनी टीशर्ट छिपा दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से दो पिस्टल, तीन मैगजीन और 67 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया है। अब पुलिस पंजाब जाकर कार और कपड़ों की बरामदगी करेगी।

दिल्ली में फिर रफ्तार का कहर! डंपर ने ऑटो को मारी टक्कर, 3 की मौत, 5 घायल

परिवार के सदस्यों की भूमिका की भी जांच

परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत पर मोनू की पत्नी, बेटे और बेटी के नाम भी FIR में शामिल किए गए हैं। उन पर हत्या के लिए उकसाने के आरोप हैं। तीनों की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपी के घर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी हासिल करेगी, ताकि घटना के समय परिवार के सदस्यों की मौजूदगी का पता चल सके। साथ ही हथियारों की बैलिस्टिक जांच कराई जाएगी।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts