18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से 3 जुलाई तक, नए सांसद लेंगे शपथ; राष्ट्रपति 27 जून को पेश करेंगी नई सरकार का रोडमैप

नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि, इस सत्र की शुरूआत नए सांसदों के शपथ ग्रहण, स्पीकर का चुनाव और राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी। सत्र 3 जुलाई तक चलेगा। वहीं राज्यसभा के 264वें सेशन की शुरूआत 27 जून से होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी और अगले पांच वर्षों के लिए नई सरकार के रोडमैप की रूपरेखा पेश करेंगी।
लोस के पहले सत्र में क्या होगा
18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होकर 3 जुलाई तक चलेगा। राज्यसभा का 264वां सत्र 27 जून से 3 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान क्या होगा...- लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव : सत्र के पहले तीन दिनों में लोकसभा के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा।
- नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण : 24 से 26 जून के बीच लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्य शपथ लेंगे।
- राष्ट्रपति का अभिभाषण : 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी और नई सरकार के रोडमैप की रूपरेखा पेश करेंगी।
- राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा : अभिभाषण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से संसद में अपने मंत्रिपरिषद का परिचय कराए जाने की उम्मीद है।
- धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस : राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस में विपक्षी दल आक्रामक रुख अपना सकते हैं।




















