मोदी सरकार के 11 साल : सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- पीएम मोदी ने देश को दिलाई वैश्विक पहचान, हर क्षेत्र में किया ऐतिहासिक बदलाव

Follow on Google News
मोदी सरकार के 11 साल : सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- पीएम मोदी ने देश को दिलाई वैश्विक पहचान, हर क्षेत्र में किया ऐतिहासिक बदलाव
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों के सफल कार्यकाल को ‘विकसित भारत का अमृतकाल’ करार देते हुए मंगलवार को भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा (वीडी शर्मा) ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को केवल योजनाएं नहीं दीं, बल्कि विश्व मंच पर एक सम्मानजनक पहचान भी दिलाई।

सीएम ने गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियां

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रेस वार्ता में कहा कि भारत ने मोदी सरकार के कार्यकाल में अभूतपूर्व निर्णयों का दौर देखा है।
  • तीन तलाक कानून के जरिये मुस्लिम बहनों को न्याय मिला।
  • राम मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार शांतिपूर्वक हुआ।
  • अनुच्छेद 370 हटाकर कश्मीर में विकास और शांति का नया युग शुरू हुआ।
  • विदेश नीति के क्षेत्र में भी भारत की साख और प्रभाव में जबरदस्त वृद्धि हुई है।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने हर घर शौचालय, हर घर गैस कनेक्शन, और हर परिवार को मकान जैसे काम किए हैं।
  • आज गांव से लेकर शहर तक डिजिटल भुगतान प्रणाली ने भारत को तकनीकी रूप से विश्व पटल पर अग्रणी बना दिया है।

'ऑपरेशन सिन्दूर' का उल्लेख

सीएम ने कहा कि विदेशों में चलाए गए अभियानों, जैसे 'ऑपरेशन सिन्दूर' में भारत को दुनिया के कई प्रमुख देशों का समर्थन मिला। इससे साबित होता है कि मोदी सरकार में भारत की कूटनीतिक स्थिति पहले से कहीं अधिक सशक्त हुई है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने देश को S-400 सुरक्षा प्रणाली दी है। उन्होंने सेना को सशक्त किया और दुनिया में भारत की सैन्य क्षमता का लोहा मनवाया।

आत्मनिर्भर भारत से सिद्धि की ओर

नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प ने देश को “संकल्प से सिद्धि” की ओर अग्रसर किया है। 2014 में अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, जो अब विश्व की टॉप-4 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुकी है। सीएम बोले- आज प्रधानमंत्री मोदी को सऊदी अरब से लेकर अमेरिका तक सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है। देश का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।

गरीबों को मुफ्त राशन और इलाज

  • आयुष्मान कार्ड योजना से करोड़ों लोग मुफ्त इलाज पा रहे हैं।
  • नि:शुल्क अनाज योजना गरीबों के लिए एक बड़ी राहत बनी है।
  • किसान सम्मान निधि से करोड़ों किसानों को सीधी आर्थिक मदद दी गई है।

वीडी शर्मा बोले- जनकल्याण की मिसाल हैं मोदी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि इस दौरान आयुष्मान भारत योजना, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना जैसे कार्यक्रमों ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुंचाया।

2014 से पहले भ्रष्टाचार, आज नवाचार : वीडी शर्मा

वीडी शर्मा ने कहा कि 2014 से पहले की सरकारों में भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण नीति हावी थी, जबकि मोदी सरकार ने विकास और नवाचार को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जो मोदी सरकार की मजबूत आर्थिक नीतियों का परिणाम है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts