Youth Lifestyle : एक से ज्यादा रोमांटिक रिलेशन को जीना चाहते युवा

पल्लवी वाघेला, भोपाल। बदलते परिवेश में रिश्तों की परिभाषा और इन्हें निभाने का तरीका बदल रहा है। कुछ लोग जीवन में रोमांस को प्रायोरिटी देते हुए एक से ज्यादा रोमांटिक रिलेशन को जीना चाहते हैं। इसके चलते ओपन मैरिज कॉन्सेप्ट बी-टाउन में भी तेजी से जगह बना रहा है। मप्र की बात करें तो मैरिज काउंसलर और सोशियोलॉजिस्ट का मानना है कि आज से तीन साल पहले इंदौर-भोपाल जैसे बड़े शहरों में ऐसे चार से पांच मामले सामने आते थे, अब यह दर्जनों में हैं।
शादी के 8 महीने बाद से ओपन रिलेशनशिप में
राजधानी के रोहित नगर क्षेत्र निवासी दंपति शादी के आठ माह बाद से ओपन रिलेशनशिप में हैं। पत्नी ने कहा- मैं कभी शादी करना ही नहीं चाहती थी, क्योंकि मुझे खुद पर कंट्रोल पसंद नहीं था। दो साल पहले शादी के बाद पति का खास लगाव नहीं दिखा। उसने कहा कि वह इतनी जल्दी किसी एक लड़की से बंधना नहीं चाहता था। तब मैंने उसे ओपन मैरिज का ऑप्शन दिया। इसमें परिवार भी खुश है और हम भी मर्जी से जी पा रहे हैं।
चार फीसदी लोग ओपन रिलेशनशिप में
ओपन मैरिज में शादीशुदा लोग पार्टनर की सहमति से दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध बना सकते हैं। यह एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से भी अलग है। अमेरिकन जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, विश्व में 4 फीसद लोग ओपन रिलेशनशिप में हैं। वहीं, इंडिया में 2023 में एक निजी कंपनी के सर्वे में 60 फीसदी सिंगल भारतीयों ने यह माना कि भविष्य में ओपन मैरिज या पॉलीएमोरी जैसे रिश्ते उनकी पसंद बन सकते हैं। बात मप्र की करें तो यहां इंदौर में इस तरह के 27, भोपाल में 19 और जबलपुर में 5 मामले प्रकाश में आए हैं। वहीं, देवास, सतना, खंडवा जैसे शहरों में भी कुछ मामले हैं।





















