न खुला ऐप, न चली वेबसाइट...आखिर क्यों ठप पड़ा एलन मस्क का प्लेटफॉर्म X? हजारों यूजर्स हुए परेशान

टेक डेस्क। अगर बुधवार सुबह आपने X (पूर्व में ट्विटर) खोलने की कोशिश की और ऐप या वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही थी, तो आप अकेले नहीं थे। दुनिया के कई हिस्सों, खासकर अमेरिका में, हजारों यूजर्स को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। यूजर्स ने ऐप खुलने, फीड लोड होने, टाइमलाइन रिफ्रेश करने और वेबसाइट एक्सेस करने में दिक्कत की शिकायत की।
हालांकि राहत की बात यह रही कि करीब 30 से 40 मिनट के भीतर सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होने लगीं। फिलहाल कंपनी की ओर से इस तकनीकी समस्या को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
Downdetector पर हजारों शिकायतें दर्ज
ऑनलाइन सर्विस आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर बुधवार सुबह अचानक शिकायतों की संख्या बढ़ गई। अमेरिका में तीन हजार से ज्यादा यूजर्स ने X के काम न करने की रिपोर्ट दर्ज कराई, जबकि भारत में शिकायतों की संख्या काफी कम रही। रिपोर्ट्स के अनुसार, सबसे ज्यादा समस्या मोबाइल ऐप में देखने को मिली। इसके अलावा कई यूजर्स ने बताया कि, उनकी टाइमलाइन अपडेट नहीं हो रही थी और वेबसाइट भी सही तरीके से खुल नहीं रही थी।
किस फीचर में सबसे ज्यादा आई परेशानी?
Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 46-47% यूजर्स को मोबाइल ऐप इस्तेमाल करने में दिक्कत हुई। करीब 25 से 34% यूजर्स ने फीड और टाइमलाइन रिफ्रेश न होने की शिकायत की। लगभग 11 से 18% लोगों को वेबसाइट एक्सेस करने और लॉगिन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स ने यह भी बताया कि, सर्च फीचर सही तरीके से काम नहीं कर रहा था, जबकि कुछ लोगों को कमेंट्स और पोस्ट भी दिखाई नहीं दे रहे थे।
30-40 मिनट बाद सामान्य हुई सेवाएं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आउटेज करीब आधे घंटे तक बना रहा। इसके बाद X की सेवाएं धीरे-धीरे फिर से सामान्य होने लगीं और शिकायतों की संख्या तेजी से कम हो गई। हालांकि, खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से यह नहीं बताया गया था कि यह तकनीकी समस्या किस वजह से हुई।
यूजर्स ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
आमतौर पर जब कोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म डाउन होता है तो लोग अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए X का ही सहारा लेते हैं। लेकिन इस बार X खुद ही प्रभावित था, इसलिए यूजर्स ने Downdetector और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की। कुछ यूजर्स ने लिखा कि, सर्च बिल्कुल काम नहीं कर रहा है, जबकि कई लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब X को ही ठीक करने की जरूरत है।
इस साल तीसरी बार सामने आई ऐसी समस्या
हाल के महीनों में X के लिए यह पहली तकनीकी रुकावट नहीं है। इससे पहले भी इस साल जनवरी और मार्च में प्लेटफॉर्म कई देशों में प्रभावित हुआ था। मार्च में कई यूजर्स अपने अकाउंट से अपने आप लॉग-आउट हो गए थे और दोबारा लॉगिन करने में भी परेशानी हुई थी। उस दौरान भी मोबाइल ऐप और वेबसाइट दोनों प्रभावित हुए थे और करीब एक घंटे बाद सेवाएं सामान्य हो सकी थीं।
क्यों डाउन हो जाते हैं बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म?
दुनियाभर में करोड़ों लोग X, Instagram, YouTube और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में छोटी-सी तकनीकी गड़बड़ी भी लाखों यूजर्स को प्रभावित कर सकती है। ऐसी समस्याओं के पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं, जैसे-
- सर्वर ओवरलोड
- सॉफ्टवेयर अपडेट के दौरान तकनीकी गड़बड़ी
- नेटवर्क या कनेक्टिविटी समस्या
- हार्डवेयर फेलियर
- डेटा सेंटर में तकनीकी खराबी
इन समस्याओं को ठीक करने के बाद कंपनियां आमतौर पर सेवाओं को दोबारा बहाल कर देती हैं।
फिलहाल कंपनी की ओर से नहीं आया कोई बयान
X की ओर से अभी तक इस आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल यह साफ नहीं है कि, समस्या की असली वजह क्या थी। यूजर्स अब कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।










