अर्शदीप सिंह को डेट करने पर ट्रोल हुईं समरीन कौर, एक्ट्रेस ने दिया जवाब; क्रिकेटर बोले- 'मुझे तुम पर गर्व है'

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और पंजाबी एक्ट्रेस समरीन कौर इन दिनों अपनी लव लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अर्शदीप ने समरीन के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद दोनों के फैंस ने उन्हें खूब बधाइयां दीं। हालांकि, इस रिश्ते के सामने आते ही कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने समरीन को निशाना बनाना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उन पर आरोप लगाया कि वह अर्शदीप सिंह की लोकप्रियता का फायदा उठाने के लिए उन्हें डेट कर रही हैं। अब एक्ट्रेस ने इन आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।
क्यों ट्रोल होने लगीं समरीन कौर?
अर्शदीप सिंह ने समरीन कौर के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया था। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर काफी हद तक विराम लगा दिया। इसके बाद क्रिकेटर और एक्ट्रेस की जोड़ी चर्चा का विषय बन गई। जहां एक तरफ फैंस दोनों की जोड़ी को पसंद कर रहे हैं और उन्हें नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ यूजर्स ने समरीन को लेकर नकारात्मक टिप्पणियां शुरू कर दीं। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए कि क्या समरीन अर्शदीप की शोहरत और लोकप्रियता की वजह से उनके साथ रिश्ते में हैं? कुछ यूजर्स ने तो एक्ट्रेस के इरादों पर ही सवाल खड़े कर दिए। लगातार हो रही ऐसी टिप्पणियों के बाद समरीन ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखी और साफ कर दिया कि वह किसी के बनाए हुए नजरिए के आधार पर अपनी जिंदगी नहीं जीने वाली हैं।

समरीन कौर ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब
समरीन कौर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर किया। इसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों के दोहरे रवैये को लेकर नाराजगी जाहिर की। एक्ट्रेस ने कहा कि अगर कोई अपने रिश्ते को निजी रखता है तो लोग सवाल पूछने लगते हैं। वहीं, जब कोई अपने प्यार को खुलकर जाहिर करता है तो उसे दिखावा या फेम हासिल करने की कोशिश बता दिया जाता है। उनके मुताबिक, लोगों को हर हाल में किसी न किसी बात पर टिप्पणी करनी होती है। सोशल मीडिया पर दूसरों की जिंदगी को लेकर राय देना और बिना सच्चाई जाने किसी के इरादों पर सवाल उठाना अब आम होता जा रहा है।
अर्शदीप सिंह ने रचा इतिहास: 103 टी20 मैच में पूरे किए 150 विकेट, सैंटनर को बनाया 150वां शिकार
17 साल की उम्र से कर रही हैं काम
समरीन कौर ने अपने पोस्ट में अपनी मेहनत और आत्मनिर्भरता का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह महज 17 साल की उम्र से काम कर रही हैं। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह अपने खर्चों से लेकर प्रोफेशनल जिम्मेदारियों तक सब कुछ खुद संभालती आई हैं। वह अब तक 20 से ज्यादा देशों की यात्रा भी कर चुकी हैं और अपनी जिंदगी अपने फैसलों के मुताबिक जीती हैं। समरीन ने यह बात इसलिए सामने रखी ताकि उन आरोपों का जवाब दिया जा सके, जिनमें उन्हें अर्शदीप की लोकप्रियता का फायदा उठाने वाला बताया जा रहा है।
'मुझे ऐसा इंसान मिला है, जिसके साथ मैं खुश हूं'
समरीन ने अपने नोट में अपने रिश्ते को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें ऐसा इंसान मिला है, जिसके साथ वह खुद को खुश और पूरा महसूस करती हैं। एक्ट्रेस ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें अपने रिश्ते को लेकर किसी के सामने सफाई देने की जरूरत नहीं है। वह अपनी जिंदगी में खुश हैं और अपने पार्टनर के साथ बिताए खास पलों को सोशल मीडिया पर साझा करती रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्हें उनकी पोस्ट या उनकी जिंदगी से परेशानी है, वे उनका सोशल मीडिया पेज छोड़ सकते हैं।
महिलाओं के ट्रोल करने पर भी समरीन ने जताई नाराजगी
समरीन कौर ने अपने पोस्ट में एक और अहम मुद्दा उठाया। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि कई बार महिलाएं ही दूसरी महिलाओं को नीचा दिखाने और उनके चरित्र पर सवाल उठाने लगती हैं। एक्ट्रेस के मुताबिक, बिना किसी ठोस जानकारी के किसी के रिश्ते, पसंद और निजी फैसलों पर टिप्पणी करना गलत है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ऐसे सोशल मीडिया यूजर्स को ब्लॉक कर रही है, जो उनकी प्रोफाइल पर आकर नकारात्मक टिप्पणियां कर रहे हैं।
अर्शदीप सिंह ने भी किया गर्लफ्रेंड का समर्थन
समरीन कौर के इस पोस्ट के बाद अर्शदीप सिंह भी उनके समर्थन में सामने आए। भारतीय क्रिकेटर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर समरीन का नोट रीशेयर किया और उनके लिए एक खास संदेश लिखा। अर्शदीप ने कहा कि उन्हें समरीन पर गर्व है और वह बेहद मजबूत हैं। उन्होंने ट्रोलर्स को सलाह दी कि दूसरों की जिंदगी में दखल देने के बजाय थोड़ा ब्रेक लें और लोगों को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने दें। क्रिकेटर ने आगे प्यार को लेकर भी अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उनके मुताबिक, प्यार करना और प्यार पाना जिंदगी की सबसे खूबसूरत भावनाओं में से एक है।



















