दुष्कर्म पीड़िता ने की आत्महत्या : महिला ने वीडियो बनाकर बताया कौन हैं "मौत का जिम्मेदार"

इंदौर। शहर के खुड़ैल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म के बाद मानसिक आघात में आई एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। मरने से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर आरोपी को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
रिश्तेदार ही बना दरिंदा, घर में घुसकर किया दुष्कर्म
पुलिस के मुताबिक घटना 2 अप्रैल की रात ग्राम सोनगुराड़िया की है। महिला घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य सुंदरकांड कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान रिश्तेदार महेंद्र चौहान मौके का फायदा उठाकर घर में घुसा और महिला के साथ जबरदस्ती कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
मौत से पहले वीडियो में किया खुलासा
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला ने अपनी मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने आरोपी महेंद्र चौहान पर गंभीर आरोप लगाते हुए साफ कहा कि वही उसकी मौत का जिम्मेदार है। इसके अलावा पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने अपने ससुराल पक्ष को निर्दोष बताते हुए आरोपी को दोषी ठहराया है।
मानसिक तनाव में उठाया खौफनाक कदम
दुष्कर्म की घटना के बाद महिला गहरे मानसिक आघात में चली गई थी। इसी तनाव के चलते 8 अप्रैल को उसने घर में सल्फास खाकर आत्महत्या की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इंदौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 108 और 64(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





















