Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लाड़ली बहना का जादू चलेगा या ओपीएस का मुद्दा सिर चढ़कर बोलेगा, कल पता चलेगा

एग्जिट पोल के बाद भाजपा और कांग्रेस के जीत के अपने-अपने दावे
Follow on Google News
लाड़ली बहना का जादू चलेगा या ओपीएस का मुद्दा सिर चढ़कर बोलेगा, कल पता चलेगा

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल भी आ गए हैं। किसी ने भाजपा तो किसी ने कांग्रेस की बढ़त बताई है पर इसका जवाब मतगणना के दिन यानी 3 दिसंबर को मिलेगा कि कौन कितना सही है। इसके साथ ही इस बात का भी पता चलेगा कि जनता ने भाजपा की योजनाओं पर भरोसा किया है या ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस)का मुद्दा सिर चढ़कर बोलेगा ? लाड़ली बहना स्कीम पर महिला वोटरों पर जादू चला है या कमलनाथ के 1500 रुपए हर माह महिलाओं को देने की बात पर मुहर लगी है। आम आदमी पार्टी खाता खोल पाएगी? सपा- बसपा किसका खेल बिगाड़ेंगे? इन सभी सवालों के जवाब भी काउंटिंग के साथ सामने आएंगे। हालांकि इन सभी के बीच नेताओं की बयानवाजी शुरू हो गई है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का कहना है कि ये एग्जिट नहीं प्रीपेड पोल है। वहीं कमलनाथ और सुरेजवाला भी कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ा रहे हैं। भाजपा के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि भाजपा को बहुमत मिल रहा है वहीं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का कहना है कि भाजपा ने काम किया है इसलिए पार्टी की ही सरकार बन रही है।

भाजपा को मिलेगा बहुमत, इसका श्रेय डबल इंजन सरकार को जाता है: तोमर

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति के मुखिया केंद्रीय मंत्री एवं दिमनी सीट से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर का दावा है कि भाजपा प्रचंड बहुमत से अपनी जीत दर्ज करेगी। अलग-अलग एग्जिट पोल इस बात का स्पष्ट संकेत दे चुके हैं। इस जीत का श्रेय डबल इंजन की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनविश्वास को है। तोमर ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार की विकास कार्यों की जनस्वीकारोक्ति भी है। इसके अलावा हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अनवरत मेहनत भी सर्वोपरि है। हमारी योजनाएं लोगों ने पसंद की हैं। महिलाओं के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं पर लोगों ने अपना भरोसा जताया है, भाजपा बहुमत से सरकार बनाएगी।

जनता का साथ, हमारे साथ: विजयवर्गीय

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं इंदौर-1 सीट पर पार्टी के प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय कहते हैं कि एग्जिट पोल के नतीजों से यह साफ हो चुका है कि जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैंने स्वयं 50 से अधिक चुनावी सभाओं में मतदाताओं से सीधे संपर्क किया। जनता का अथाह विश्वास इस दौरान मुझे देखने को मिला। पब्लिक पल्स भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। एमपी के मन में मोदी बसते हैं और मोदी के मन में भी एमपी है। विधानसभा चुनावों में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। केंद्रीय मंत्री अमित शाह की रणनीति, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मार्गदर्शन और केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता ने तहेदिल से समर्थन दिया है।

भाजपा बना रही सरकार: साध्वी प्रज्ञा

भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एग्जिट पोल आने के बाद भोपाल में अपने आवास पर मीडिया से चर्चा कर कहा- भारतीय जनता पार्टी सरकार बना रही है। भाजपा ने जो विकास के कार्य किए हैं, उससे समाज को लाभ पहुंचा है।

भाजपा को जनादेश : विश्वास सारंग

एग्जिट पोल के बाद चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। मतदाताओं ने एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का मन बनाया है ताकि विकास के नए आयाम छू सके।

कुछ एग्जिट पोल जानबूझकर बनाए, चुनाव हार चुकी है भाजपा: कमलनाथ

प्रदेश कांग्रेस के नेता मतगणना से पहले कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए आगे आए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने वीडियो जारी कर कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से मैदान में डटे रहने के लिए कहा है तो प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भावनात्मक चिट्ठी लिखी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर कहा है कि भाजपा चुनाव हार चुकी है। कुछ एग्जिट पोल जानबूझकर इसलिए बनाए गए हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता निराश हों और झूठा माहौल दिखाकर अधिकारियों पर दबाव बनाया जाए। कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चा संगठनों के प्रमुख और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी अपने-अपने काम में जुट जाएं।

सर्वे की हार होगी: सुरजेवाला

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लंबे समय बाद एग्जिट पोल के नतीजे आने के बाद चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लिखे पत्र में कहा है कि कांग्रेस की 135 सीटें आएंगी और भाजपा व सर्वे दोनों की हार होगी। सुरजेवाला ने लिखा कि ‘आप दीपक की तरह 18 सालों तक भाजपाई सत्ता के घनघोर अंधियारे से लड़े हैं। मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि 3 दिसंबर को जो सूर्योदय होगा वह भाजपाई सत्ता के कुशासन का अंत करने वाला होगा तथा कांग्रेस 135 से अधिक सीटें जीत कर अपने वचनों को पूरा करेगी।’ उन्होंने लिखा कि ‘भाजपा उस तथाकथित सर्वे के भरोसे है जिस सर्वे पर सर्वे करने वाली एजेंसी को खुद ही भरोसा नहीं है।

एग्जिट पोल नहीं ये प्रीपेड पोल है, अफसरों को डराने की कोशिश

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा है कि यह एग्जिट पोल नहीं प्रीपेड पोल है। भाजपा ने कुछ मीडिया घरानों को साधते हुए अफसरों को डराने और कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का षड्यंत्र रचा है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि खबर है कि दिल्ली से दो ट्रक भरकर नोट मप्र भेजे गए हैं। जब पत्रकारों ने पूछा कि वे ट्रक कहां हैं तो वर्मा ने कहा कि यह पता होता तो सबसे पहले मीडिया को वहां भेजता। उन्होंने कहा कि एक बार फिर भाजपा तोड़फोड़ के लिए षड्यंत्र कर रही है। हालांकि कांग्रेस ने सभी उम्मीदवारों को अलर्ट कर दिया है। साथ ही बड़े नेताओं को भी सावधान रहने की जानकारी दे दी है।

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts