शादी के 28 साल बाद पत्नी ने पकड़ी मलाइका सा फिगर पाने की जिद, पति से जिम मेंबरशिप और मशीन की मांग की

पल्लवी वाघेला, भोपाल
शादी के 28 साल बाद पत्नी ने 49 साल की उम्र में ऐसी जिद पकड़ी की मामला मध्यस्थता केन्द्र तक जा पहुंचा। मामले में पत्नी का कहना है कि पति मलाइका के फिगर की तारीफ करके उसे बातें सुनाते हैं, लेकिन जब उसने वैसा ही आकर्षक दिखने के लिए अपनी मांग रखी तो पति मुकर गए। मामले में पत्नी ने पति द्वारा हाथ उठाने की भी शिकायत की है। वहीं, पति का कहना है कि यह सब चोचले पत्नी को रील देखकर सूझ रहे हैं और वह अपना पैसा फालतू चीजों पर खर्च नहीं कर सकता। वहीं, काउंसलर इसे सोशल मीडिया फोमो का असर बता रहे हैं। बता दें, वर्तमान में मप्र के विभिन्न फैमिली कोर्ट में उम्रदराज लोगों में सोशल मीडिया फोमो से जुड़े औसत तीन मामले हर माह पहुंच रहे हैं।
यह है मामला
रोहित नगर क्षेत्र निवासी दंपति के दो बच्चे हैं इनमें से बेटी की शादी हो चुकी है और बेटा शासकीय सेवा में है। मामले में पत्नी ने पति के व्यवहार के खिलाफ आवेदन दिया था। डालसा के मध्यस्थता केन्द्र में जब काउंसलिंग के लिए बुलाया गया तो पत्नी ने कहा कि वह भी फिट और आकर्षक दिखना चाहती है और इसलिए उसने पति से कहा था कि उसे जिम की मेंबरशिप दिला दे। जब पति ने कहा कि तुम्हें बाहर भटकने चाहिए तो उसने कहा कि फिर घर पर ही एक्सरसाइज मशीन जैसे ट्रेडमिल या साइकिल मंगा दे ताकि वह फिटनेस पर ध्यान दे सके। पत्नी के मुताबिक पति ने इसके लिए भी मना कर दिया और जब बेटे ने दिलाने की हां कही तो विवाद बढ़ गया। गुस्से में पति ने उसपर हाथ उठाया। जब अचानक फिटनेस के प्रति उसके रुझान के बारे में काउंसलर ने जानना चाहा तो पत्नी ने कहा कि पति उसे आए दिन मलाइका अरोरा के ताने देते हैं। कहते हैं कि देखो यह कितनी आकर्षक है। पत्नी ने कहा कि इसके बाद ही उसे लगा कि उसे जिम जाना चाहिए।
पति ने बताया रील का असर
मामले में पति ने कहा कि यह जिम वगैरह में महिलाओं का जाना उसे पसंद नहीं है। रही बात मशीन खरीदने की तो उसे यह फिजूलखर्ची लगती है। उसने कहा कि इससे अच्छा है पत्नी हाउस हेल्पर को हटाकर घर के काम शुरू कर दे तो अपने आप फिट हो जाएगी। पति ने कहा कि एक्सरसाइज का यह जुनून केवल रील्स देखकर जागा है। उसने कहा कि पत्नी घर में बैठे-बैठे बस रील देखती रहती है और उसे रील बनाने का भी नया-नया स्वाद लगा है। इसी के चलते वह जिद पर अड़ी है। मामले में पति ने माना कि उसने गुस्से में हाथ उठा दिया था और वह आगे ऐसा नहीं करेगा। हालांकि, मामले में पत्नी अभी भी अपनी मांग पर अड़ी है। दंपति को अगली काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। बता दें, वर्तमान में मप्र के विभिन्न फैमिली कोर्ट में उम्रदराज लोगों में सोशल मीडिया फोमो से जुड़े औसत तीन मामले हर माह पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें: VIP कल्चर पर कंट्रोल! पीएम मोदी की अपील के बाद बदला एमपी सरकार का अंदाज, CM मोहन यादव ने काफिले से घटाए वाहन
बदलते माहौल का असर
पहले अमूमन इस तरह के मामले नव दंपति के बीच दिखाई देते थे, लेकिन जब सालों की शादी के बाद कपल ऐसे विवाद लेकर पहुंचते हैं तो आश्चर्य होता है। इस तरह के विवाद बदलते माहौल और सोशल मीडिया फोमो की देन है, जिसकी वजह से शादी के सालों बाद भी आपसी सामंजस्य बैठाने में समस्या आ रही है।
प्रतिभा राजगोपाल, काउंसलर











