Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Weather Update : दिल्ली में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, भोपाल में मौसम ने ली करवट; बारिश के बाद पड़ेगी कड़ाके की ठंड, फॉग की चपेट में 6 राज्य

Follow on Google News
Weather Update : दिल्ली में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, भोपाल में मौसम ने ली करवट; बारिश के बाद पड़ेगी कड़ाके की ठंड, फॉग की चपेट में 6 राज्य
दिल्ली। दिसंबर का महीना खत्म होने के साथ ही देश की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे का सितम देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और चंडीगढ़ में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलने वाला है। अलविदा कहते साल 2023 के साथ बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है। बारिश के बाद कड़ाके की ठंड भी पड़ने वाली है।

दिल्ली में जीरो विजिबिलिटी, फ्लाइट्स हुईं डायवर्ट

फॉग की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में विजिबिलिटी जीरो हो गई है। खराब मौसम की वजह से फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया और कई स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले 5 दिनों तक घना कोहरा रहने की संभावना जताई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। कड़ाके की ठंड के चलते नोएडा समेत पूरे गौतमबुद्ध नगर जिले में 29-30 दिसंबर की छुट्टी की घोषणा कर दी गई है।

मध्य प्रदेश में शुरू हो सकता है बारिश का सिलसिला

मध्य प्रदेश का मौसम इन दिनों लगातार करवट लेता हुआ दिखाई दे रहा है। ठंड का कहर जारी है और कई जिले कोहरे के आगोश में समाए हुए हैं। 29 और 30 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे प्रदेश के मौसम में बदलाव होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही 30 दिसंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू होने की आशंका भी जताई जा रही है।

मौसम वैज्ञानिक ने दी मौसम की जानकारी

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अशफाक हुसैन के अनुसार, नया पश्चिमी विक्षोभ बनने से 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक ग्वालियर चंबल संभाग और उज्जैन समेत प्रदेश के कई शहरों में बादल और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही कई जिलों में मौसम साफ और शुष्क भी देखा जाएगा।

प्रदेश के इन शहरों में घना कोहरा

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, प्रदेश के कुछ शहरों में घना कोहरा छाया रह सकता है और विजिबिलिटी 50 मीटर से कम हो सकती है। पन्ना, ग्वालियर, दतिया, अशोक नगर, शिवपुरी, रीवा, भिंड, टीकमगढ़, छतरपुर, मुरैना, निवाड़ी, दमोह जैसी जगहों पर घना कोहरा देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश में बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है।

राजस्थान में घने कोहरे की चेतावनी

राजस्थान में शुक्रवार की सुबह मौसम ने करवट ली। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई शहरों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। जयपुर-भरतपुर, जयपुर-सीकर, सीकर-बीकानेर, जयपुर-अलवर और बीकानेर से हनुमानगढ़ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोहरा का असर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 65 में आने वाले जोधपुर-नागौर, नागौर-चूरू पर भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश के मौसम का क्या है हाल ?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के लखनऊ और मेरठ में आज सुबह घना कोहरे देखने को मिला, जो आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच उत्तर प्रदेश के बाराबंकी, मेरठ, अंबेडकर, बांदा, इटावा, हरदोई, अमेठी, जौनपुर, बुलन्दशहर और झांसी में स्कूलों में छुट्टी की घोषिणा कर दी गई है।

सुबह साढ़े पांच बजे कितनी दर्ज की गई विजिबिलिटी-

  • पंजाब के अमृतसर और पटियाला - जीरो विजिबिलिटी।
  • हरियाणा के हिसार, अंबाला और चंडीगढ़ - जीरो विजिबिलिटी।
  • दिल्ली के पालम और सफदरजंग - जीरो विजिबिलिटी।
  • उत्तर प्रदेश के बरेली, झांसी, वाराणसी, बहराइच, लखनऊ और प्रयागराज - जीरो विजिबिलिटी।
  • उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 500 मीटर विजिबिलिटी।
  • उत्तरी मध्य प्रदेश, ग्वालियर और सतना - जीरो विजिबिलिटी।
  • पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर और चूरू - जीरो विजिबिलिटी।
ये भी पढ़ें- COVID-19 JN.1 : कोरोना से कोहराम… नए JN.1 वैरिएंट के मामले 150 के पार, इस राज्य का हाल हुआ बेहाल; जानें देश में कोरोना के अपडेट्स
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts