गर्मियों का मौसम आते ही लोग ऐसे फलों की तरफ ज्यादा जाते हैं, जिनमें पानी की मात्रा भरपूर होती है। ये फल शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और तेज गर्मी में ठंडक भी पहुंचाते हैं। ऐसे में खरबूजा और तरबूज लगभग हर घर की पसंद बन जाते हैं। खासकर जब फ्रिज से निकला ठंडा-ठंडा तरबूज मिल जाए, तो गर्मी से राहत मिलती है और मन भी खुश हो जाता है। लेकिन तरबूज के साथ एक छोटी-सी परेशानी हमेशा जुड़ी रहती है - उसके काले बीज। हर बाइट के साथ जब ये बीज मुंह में आते हैं, तो खाने का मजा थोड़ा कम हो जाता है। यह परेशानी सिर्फ बच्चों को ही नहीं, बल्कि बड़ों को भी होती है। कई लोग तो बीज निकालने के झंझट से बचने के लिए तरबूज खाना ही कम कर देते हैं।
अगर आप भी बीजों की वजह से तरबूज खाने से कतराते हैं, तो अब आपको टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। एक आसान और स्मार्ट तरीका है, जिससे आप मिनटों में तरबूज के सारे बीज अलग कर सकते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर जापान की एक खास ‘सीडलेस कटिंग ट्रिक’ काफी वायरल हो रही है। इस ट्रिक को अपनाकर आप बिना ज्यादा मेहनत और समय खर्च किए, आसानी से तरबूज के बीज अलग कर सकते हैं।
यह ट्रिक दरअसल तरबूज की नेचुरल बनावट पर आधारित है। तरबूज के अंदर बीज एक खास पैटर्न में होते हैं, जिसे अगर सही तरीके से समझकर काटा जाए, तो बीज अपने आप किनारों पर आ जाते हैं और उन्हें निकालना बेहद आसान हो जाता है। यही वजह है कि इस ट्रिक को अपनाने के बाद आपको तरबूज के अंदर ज्यादा छेड़छाड़ करने की जरूरत नहीं पड़ती।
तरबूज को स्थिर करें - सबसे पहले तरबूज को किसी समतल जगह या चॉपिंग बोर्ड पर रखें। चूंकि तरबूज गोल होता है, इसलिए वह लुढ़क सकता है। इसे रोकने के लिए उसके ऊपर और नीचे का थोड़ा हिस्सा काट लें। इससे वह आसानी से एक जगह टिक जाएगा।
बीच से काटें - अब एक तेज धार वाले बड़े चाकू की मदद से तरबूज को बीच से दो बराबर हिस्सों में काट लें। इससे अंदर का लाल हिस्सा साफ दिखाई देगा।
नेचुरल लाइनों को पहचानें - अब कटे हुए तरबूज के अंदर ध्यान से देखें। आपको उसमें हल्की-हल्की लाइनों का पैटर्न दिखाई देगा, जो बीच से बाहर की ओर जाता है। यही लाइंस बीजों की दिशा बताती हैं।
लाइनों के अनुसार स्लाइस बनाएं - अब इन लाइनों को ध्यान में रखते हुए तरबूज को तिकोने स्लाइस में काटें। जैसे ही आप इन लाइनों पर चाकू चलाएंगे, आपको दिखेगा कि बीज स्लाइस के किनारों पर इकट्ठा होने लगते हैं।
बीज आसानी से निकालें - अब एक चम्मच या चाकू की नोक की मदद से किनारों पर दिख रहे बीजों को हल्के से खुरच दें। एक ही बार में लगभग सारे बीज बाहर निकल जाएंगे और आपका तरबूज खाने के लिए तैयार हो जाएगा।
इस जापानी ट्रिक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह समय और मेहनत दोनों बचाती है। जहां पहले बीज निकालने में काफी वक्त लगता था, वहीं अब यह काम कुछ ही मिनटों में हो जाता है। इसके अलावा, इस तरीके से काटा गया तरबूज देखने में भी अच्छा लगता है और सर्व करने में भी आसान होता है। आप इसे मेहमानों के सामने भी आसानी से पेश कर सकते हैं।
अब आपको तरबूज के बीजों से परेशान होने की जरूरत नहीं है। इस आसान जापानी ट्रिक को अपनाकर आप बिना किसी झंझट के तरबूज का मजा ले सकते हैं। तो अगली बार जब भी आप तरबूज काटें, इस स्मार्ट तरीके को जरूर आजमाएं और अपने खाने के अनुभव को और भी बेहतर बनाएं।