नागालैंड का हॉर्नबिल फेस्टिवल क्यों है इतना खास? एक जगह दिखेंगे 17 जनजातियों के रंग और परंपराएं

नागालैंड। नागालैंड में दिसंबर का महीना आते ही जश्न का माहौल बनने लगता है। पहाड़ों के बीच ढोल की आवाज, रंग-बिरंगे कपड़े पहने लोग और पारंपरिक नाच-गाने हर किसी का ध्यान खींचते हैं। यहां होने वाला हॉर्नबिल फेस्टिवल सिर्फ एक मेला नहीं, बल्कि पूरे नागालैंड की पहचान है। इस साल भी 1 दिसंबर से यह उत्सव शुरू होने जा रहा है। खास बात यह है कि यहां राज्य की 17 जनजातियां अपनी पुरानी परंपराओं और रहन-सहन को लोगों के सामने रखती हैं। खाने-पीने से लेकर संगीत तक, इस मेले में देखने और जानने के लिए बहुत कुछ है।
एक जगह दिखती हैं 17 जनजातियों की अलग-अलग दुनिया
नागालैंड में रहने वाली 17 प्रमुख जनजातियों की अपनी अलग पहचान है। हर जनजाति की भाषा, कपड़े, खानपान और त्योहार दूसरे से अलग हैं। किसी के त्योहार में खेती की खुशी दिखाई देती है, तो किसी के उत्सव में प्रकृति के प्रति प्यार नजर आता है। पहले इन सभी त्योहारों को देखने के लिए अलग-अलग जगहों पर जाना पड़ता था। इसी परेशानी को दूर करने के लिए हॉर्नबिल फेस्टिवल शुरू किया गया। यहां सभी जनजातियां एक साथ अपनी संस्कृति दिखाती हैं। यही वजह है कि इसे त्योहारों का त्योहार कहा जाता है।
साल 2000 में हुई थी इस मेले की शुरुआत
हॉर्नबिल फेस्टिवल की शुरुआत साल 2000 में नागालैंड सरकार ने की थी। इसका मकसद राज्य की पुरानी परंपराओं को बचाना और दुनिया के सामने नागालैंड की पहचान बनाना था।
यह उत्सव हर साल दिसंबर के पहले दस दिनों तक कोहिमा के पास किसामा हेरिटेज विलेज में होता है। यहां 17 जनजातियों के लिए अलग-अलग पारंपरिक घर बनाए गए हैं, जिन्हें मोरुंग कहा जाता है। पुराने समय में इन जगहों पर युवा रहते थे और अपने समाज की बातें, रीति-रिवाज और जीवन से जुड़ी बातें सीखते थे।
हॉर्नबिल पक्षी के नाम पर क्यों रखा गया उत्सव?
इस मेले का नाम हॉर्नबिल नाम के खास पक्षी पर रखा गया है। नागालैंड की कई जनजातियों में इस पक्षी को सम्मान और गर्व का प्रतीक माना जाता है। इसकी खास बनावट और सुंदर पंख लोगों को काफी पसंद हैं। नागा समाज के पुराने गीतों, कहानियों और पहनावे में भी इस पक्षी की झलक देखने को मिलती है। कई पारंपरिक कपड़ों और सिर पर पहने जाने वाले गहनों में इसके पंखों जैसे डिजाइन दिखाई देते हैं। यही पक्षी अलग-अलग जनजातियों को एक पहचान से जोड़ता है।
नाच-गाने से लेकर पुराने खेलों तक का मजा
हॉर्नबिल फेस्टिवल में आने वाले लोगों को नागालैंड की पुरानी जिंदगी करीब से देखने का मौका मिलता है। यहां अलग-अलग जनजातियों के लोग अपने पारंपरिक कपड़े पहनकर नाचते और गाते हैं। पुराने समय में युद्ध के दौरान इस्तेमाल होने वाले हुनर भी दिखाए जाते हैं। इसके अलावा तीरंदाजी, नागा कुश्ती, बांस और लकड़ी से बनी चीजें भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहती हैं। यहां हाथ से बनी सुंदर चीजें भी खरीदी जा सकती हैं।
नागा खाने का स्वाद भी है खास
इस मेले में खाने के शौकीनों के लिए भी बहुत कुछ होता है। यहां नागालैंड के अलग-अलग इलाकों के खास पकवान मिलते हैं। बांस की कोपलों से बने खाने, भुना हुआ मांस और खास मसालों से तैयार व्यंजन लोगों को खूब पसंद आते हैं। हर जनजाति के खाना बनाने का तरीका अलग होता है। ऐसे में एक ही जगह पर कई तरह के स्वाद चखने का मौका मिलता है।
हाइट महज 2 फीट, कीमत 1 करोड़ तक! पुष्कर मेले में छाई नन्ही भैंस पिंकी, देखने वालों की लगी भीड़
शाम होते ही संगीत से गूंज उठता है मेला
हॉर्नबिल फेस्टिवल की खास बात यह भी है कि यहां पुरानी परंपराओं के साथ नए दौर का संगीत भी देखने को मिलता है। दिन में लोकगीत और पारंपरिक नाच होते हैं, जबकि शाम को रॉक संगीत और बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। देश और विदेश के कलाकार यहां अपनी कला दिखाने पहुंचते हैं। स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। यही वजह है कि हॉर्नबिल फेस्टिवल हर उम्र के लोगों को अपनी ओर खींचता है।




















