पहले दोनों सगे भाइयों से हुआ प्यार, फिर रचाई शादी, सुनीता नेगी ने बताया कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी

हिमाचल प्रदेश। दो भाइयों से शादी और फिर खुद बताया कि दोनों से प्यार है! हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की सुनीता नेगी की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। सुनीता ने कंटेंट क्रिएटर निशु तिवारी से बातचीत में अपनी शादी को लेकर कई बातें बताईं। उन्होंने साफ कहा कि यह कोई जबरदस्ती या परिवार का दबाव नहीं था। उन्होंने खुद इस रिश्ते के लिए हां की थी। सुनीता के पति प्रदीप और कपिल नेगी भी इस शादी को परिवार और भाईचारे से जोड़कर देखते हैं।
दोनों भाइयों से प्यार हुआ, सुनीता ने खुद चुना रिश्ता
सुनीता नेगी ने बातचीत में बताया कि उन्हें दोनों भाइयों से एक साथ प्यार हो गया था। शादी से पहले उन्हें पता था कि सिरमौर के कुछ इलाकों में जोड़ीदार प्रथा चलती है। उन्होंने अपनी मर्जी से इस शादी को चुना। जब उनसे पूछा गया कि वह दोनों भाइयों में से किससे ज्यादा प्यार करती हैं, तो सुनीता ने कहा कि वह दोनों से बराबर प्यार करती हैं। उनका कहना है कि इस फैसले में उनकी अपनी इच्छा शामिल थी और उन्होंने किसी के दबाव में शादी नहीं की।
26/11 हमले के 18 साल: मुंबई के जख्म आज भी हरे, 166 मौतों की वो खौफनाक रात; शहीदों को देश कर रहा नमन
प्रदीप बोले- भाईचारा हमारे लिए सबसे जरूरी
सुनीता के पति प्रदीप नेगी ने भी इस शादी के पीछे की सोच बताई। उन्होंने कहा कि दोनों भाइयों के बीच प्यार और भाईचारा बना रहे, यही उनकी सबसे बड़ी इच्छा थी। प्रदीप के मुताबिक, अगर दोनों भाई अलग-अलग शादी करते तो परिवार और घर की जिम्मेदारियां बंट सकती थीं। उन्होंने खर्च का उदाहरण देते हुए बताया कि साथ रहने से कमाई और बचत को संभालना आसान होता है। प्रदीप ने कहा कि उनके लिए भाई का रिश्ता बहुत खास है और वह अपने भाई से बेहद प्यार करते हैं।
क्या है हिमाचल की जोड़ीदार शादी की परंपरा?
सिरमौर जिले के गिरिपार इलाके में जोड़ीदार प्रथा लंबे समय से चली आ रही है। इस परंपरा में एक महिला की शादी एक ही परिवार के दो या उससे ज्यादा भाइयों से होती है। पुराने समय में इसका मुख्य कारण जमीन का बंटवारा रोकना था। पहाड़ी इलाकों में खेती के लिए जमीन कम होती है। ऐसे में परिवार के भाइयों के अलग-अलग घर बसाने पर जमीन छोटे हिस्सों में बंट जाती थी। इसी वजह से कुछ परिवारों ने एक साथ रहने का यह तरीका अपनाया। इस परंपरा को कई लोग महाभारत की द्रौपदी और पांच पांडवों की कहानी से भी जोड़ते हैं।
एक बेटी के माता-पिता हैं सुनीता और दोनों भाई
सुनीता ने बताया कि उनकी एक बेटी भी है। परिवार में फिलहाल बड़े भाई प्रदीप का नाम बेटी के पिता के रूप में दर्ज है। उन्होंने बातचीत में कहा कि आगे छोटे भाई कपिल का नाम भी पिता के तौर पर दर्ज हो सकता है। दोनों भाइयों ने शिलाई में अपना रेस्टोरेंट शुरू किया है। कपिल पहले कुवैत में शेफ का काम करते थे, जबकि प्रदीप जल शक्ति विभाग में नौकरी करते हैं।




















