Meerut LPG Cylinder Fraud :मेरठ में गैस सिलेंडर से निकला पानी! 2500 रुपए में खरीदा था, पीड़ित बोला- गरीबी की मजबूरी का फायदा न उठाएं

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां लिसाड़ी गेट इलाके के टारापुरी की जोगीवाली गली में रहने वाले एक स्ट्रीट वेंडर ने आरोप लगाया है कि उसे ब्लैक मार्केट में नकली LPG सिलेंडर बेचकर ठग लिया गया। मामला तब चर्चा में आया जब पीड़ित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया।
जिसमें गैस सिलेंडर से गैस की जगह पानी निकलता दिखाई दे रहा है। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
आखिर क्यों किया ऐसा
पीड़ित फैहीम पकोड़े का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि घर में अचानक गैस खत्म हो गई थी और बच्चे भूखे थे। सरकारी एजेंसी से तुरंत सिलेंडर मिलना संभव नहीं था। मजबूरी में उन्होंने इलाके में साइकिल पर गैस सिलेंडर बेच रहे एक व्यक्ति से 14 किलो का LPG सिलेंडर खरीद लिया।
फैहीम का कहना है कि उन्होंने इस सिलेंडर के लिए 2500 रुपए चुकाए, जो सामान्य कीमत से काफी ज्यादा था। इसके बावजूद उन्होंने सिलेंडर इसलिए खरीदा क्योंकि उन्हें तत्काल खाना बनाना था। हालांकि उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह फैसला भारी नुकसान में बदल जाएगा।
चूल्हा नहीं जला तो हुआ शक
घर पहुंचकर फैहीम ने सिलेंडर को चूल्हे से जोड़ा और खाना बनाने की कोशिश की, लेकिन चूल्हा जला ही नहीं। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद रेगुलेटर या चूल्हे में कोई तकनीकी खराबी होगी। उन्होंने कई बार सिलेंडर को चेक किया, हिलाया-डुलाया, लेकिन गैस की सप्लाई शुरू नहीं हुई।
लगातार कोशिशों के बाद जब कुछ समझ नहीं आया तो उन्हें सिलेंडर पर शक होने लगा। इसके बाद उन्होंने सिलेंडर को उल्टा करके जांच की। तभी उसमें से गैस की जगह पानी निकलने लगा। यह देखकर फैहीम पूरी तरह हैरान रह गए।
यह भी पढ़ें: Monkey Haircut : कुर्सी पर बैठकर बंदर का हेयरकट, नाई को टकटकी लगाए निहारता रहा, वीडियो वायरल
‘सिर्फ आधा किलो गैस, बाकी पानी’
फैहीम का दावा है कि सिलेंडर में मुश्किल से आधा किलो गैस थी, जबकि बाकी करीब 13.5 किलो हिस्सा पानी से भरा हुआ था। उन्होंने तुरंत इसका वीडियो बना लिया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि सिलेंडर से लगातार पानी बह रहा है।
भड़के नैटिजन्स, जमकर फूटा गुस्सा
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा और चिंता दोनों देखने को मिल रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अवैध तरीके से गैस सिलेंडर बेचने का यह नेटवर्क कैसे चल रहा है।
फैहीम का कहना है कि उनका मकसद किसी को बदनाम करना नहीं, बल्कि लोगों को सतर्क करना है ताकि कोई और इस तरह की ठगी का शिकार न बने। यह मामला अवैध LPG कारोबार और उपभोक्ता सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।











