Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

चौकीदार की हत्या करने वाला प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार: तेज गाड़ी क्यों चला रहे हो, कहने पर हुआ था बवाल

लॉ एग्जॉटिका कॉलोनी में तेज रफ्तार कार को लेकर हुआ था विवाद, लौटकर आरोपी ने चौकीदार और उसकी भाभी को मारी टक्कर; बेस्ट प्राइज के पास से पकड़े गए दोनों
चौकीदार की हत्या करने वाला प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार: तेज गाड़ी क्यों चला रहे हो, कहने पर हुआ था बवाल
लाल घेरे में आरोपी

इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र की लॉ एग्जॉटिका कॉलोनी बायपास में चौकीदार की कार से टक्कर मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी राजा कुमावत और उसकी महिला मित्र सेजल उर्फ शालिनी तिवारी को बेस्ट प्राइज के पास बस स्टॉप से पकड़ा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टोयोटा ग्लैंजा कार भी जब्त कर ली है।

 

ये भी पढ़ें: 3 घंटे की बहस, फिर भी फैसला नहीं! नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत पर 29 अगस्त को आएगा निर्णय, SIT ने खंगालने शुरू किए रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक, घटना 26 अगस्त की रात करीब 10 बजे की है। लॉ एग्जॉटिका कॉलोनी में चौकीदारी करने वाले धर्मेंद्र मालवीय अपने परिवार के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की एक कार तेज रफ्तार से कॉलोनी के गेट पर पहुंची। धर्मेंद्र ने कार चालक को इतनी तेज गति से वाहन लाने पर टोका। कार में राजा कुमावत और उसकी महिला मित्र सेजल उर्फ शालिनी तिवारी सवार थे। विवाद बढ़ने पर महिला कार से उतरी और धर्मेंद्र से बहस करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। धर्मेंद्र के भाई दुर्गेश और भाभी ज्योति भी मौके पर पहुंचे। दुर्गेश ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो राजा ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि वह अरंडिया में रहता है और उन्हें देख लेगा।

ये भी पढ़ें: घंसौर में बाइक और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत, 3 गंभीर घायल; जबलपुर रेफर

इसी दौरान धर्मेंद्र ने कॉलोनी के मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। मालिक ने सुबह बात करने की बात कहते हुए उस समय मामला शांत करने को कहा। इसके बाद राजा और उसकी महिला मित्र वहां से चले गए। पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी जाने के बाद राजा ने कार वापस घुमाई और तेज रफ्तार से कॉलोनी के गेट की ओर आया। आरोप है कि उसने धर्मेंद्र और उनकी भाभी ज्योति को जान से मारने की नीयत से कार से टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में धर्मेंद्र के भाई दुर्गेश मालवीय की रिपोर्ट पर लसूड़िया थाने में अपराध क्रमांक 1340/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

बायपास से भागने की फिराक में थे आरोपी

घटना के बाद दोनों आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए टीम गठित की। 28 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी इंदौर छोड़कर भागने की फिराक में बेस्ट प्राइज के पास बस स्टॉप पर खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राजा कुमावत, उम्र 30 वर्ष, निवासी अरंडिया, थाना लसूड़िया और उसकी महिला मित्र शालिनी उर्फ सेजल तिवारी, उम्र 26 वर्ष, निवासी मांगलिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों से घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts