विस्तारा की फ्लाइट का इंजन हुआ खराब, हैदराबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, इसमें सवार कांग्रेस सांसद बोले- खुदा का शुक्र है

हैदराबाद। हैदराबाद से दिल्ली जाने वाली विस्तारा की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। गुरुवार (10 अक्टूबर 2024) शाम 6 बजकर 35 मिनट पर विस्तारा की फ्लाइट UK880 ने उड़ान भरी थी। जिसके कुछ ही देर बाद पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला। पायलट ने फ्लाइट को वापस हैदराबाद में ही 7:23 लैंड करा दिया। इस फ्लाइट में कांग्रेस सांसद दानिश अली भी सफर कर रहे थे।
हालांकि, 7 घंटे की देरी के बाद देर रात करीब 1 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट से फ्लाइट ने फिर उड़ान भरी और 2:30 बजे के आसपास दिल्ली पहुंची।
कांग्रेस सांसद बोले- आधा घंटा बेहद तनावपूर्ण
फ्लाइट में सवार कांग्रेस सांसद दानिश अली ने लैंडिंग के बाद X पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा- खुदा का शुक्र है। आज विस्तारा UK880 हैदराबाद-दिल्ली की फ्लाइट में यात्रा करने का डरावना अनुभव था। उड़ान भरने के तुरंत बाद इंजन में आई खराबी के कारण हम आधे घंटे तक आसमान में चक्कर लगाते रहे। यह समय बेहद तनावपूर्ण था। आखिरकार पायलट ने हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें क्रू मेंबर की बात करने की आवाज आ रही है।




















