Virat Kohli's Record : विराट कोहली ने रचा इतिहास, IPL में 9वीं बनाए 500 रन

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2026 में विराट कोहली का बल्ला सिर्फ रन नहीं उगल रहा, बल्कि रिकॉर्ड्स की नई किताब लिख रहा है। 37 साल की उम्र में भी विराट उसी जुनून और धार के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं, जिसने उन्हें दुनिया का सबसे बड़ा बल्लेबाज बनाया। सीजन के 61वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरे कोहली ने जैसे ही 16 रन पूरे किए, वैसे ही एक और ऐतिहासिक उपलब्धि उनके नाम दर्ज हो गई। उन्होंने इस सीजन में अपने 500 रन पूरे कर लिए और लगातार चौथे आईपीएल सीजन में ऐसा करने वाले खिलाड़ी बन गए।
500+ रन बनाने में विराट सबसे आगे
विराट कोहली ने आईपीएल इतिहास में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे छू पाना फिलहाल बाकी बल्लेबाजों के लिए बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। यह उनके करियर का 9वां आईपीएल सीजन है, जिसमें उन्होंने 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस मामले में उन्होंने बाकी सभी दिग्गज खिलाड़ियों को काफी पीछे छोड़ दिया है। डेविड वॉर्नर और केएल राहुल ने 7-7 बार यह उपलब्धि हासिल की है, जबकि शिखर धवन 5 बार ऐसा कर सके हैं।
ये भी पढ़ें: तपती गर्मी में आया चलता-फिरता AC: अब जेब में नहीं, गले में चलेगा; Sony का नया डिवाइस गर्मी से देगा राहत
फिर साबित किया उम्र सिर्फ नंबर
35 साल की उम्र पार करने के बाद ज्यादातर खिलाड़ी फिटनेस और फॉर्म से संघर्ष करते नजर आते हैं, लेकिन विराट कोहली का खेल हर सीजन के साथ और निखरता दिख रहा है। उन्होंने 35 की उम्र के बाद तीसरी बार आईपीएल में 500+ रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है। इस सूची में उन्होंने सचिन तेंदुलकर और फाफ डुप्लेसी को भी पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 2-2 ऐसे सीजन दर्ज हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ विराट का तूफान
पंजाब किंग्स के खिलाफ विराट कोहली हमेशा से सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिने जाते रहे हैं। इस मुकाबले में उन्होंने पंजाब के खिलाफ अपने आईपीएल करियर के 1217 रन पूरे कर लिए। यह किसी एक टीम के खिलाफ किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। विराट का पंजाब के खिलाफ रिकॉर्ड उनके दबदबे की कहानी खुद बयां करता है। जब भी सामने पंजाब की टीम होती है, कोहली का बल्ला और ज्यादा खतरनाक नजर आता है।
ये भी पढ़ें: कॉलेज की मस्ती या उत्पात? इंजीनियरिंग कॉलेज हॉस्टल का वीडियो वायरल, कुलपति ने मांगी रिपोर्ट
रिकॉर्ड्स की रेस में सबसे आगे
विराट कोहली सिर्फ रन नहीं बना रहे, बल्कि आईपीएल के इतिहास को नए सिरे से गढ़ रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उनके नाम 1174 रन हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वह 1172 रन बना चुके हैं। हर सीजन के साथ विराट नए मुकाम हासिल कर रहे हैं। आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन एक बार फिर बता रहा है कि क्यों उन्हें 'किंग कोहली' कहा जाता है।












