वियतनाम नाव हादसा:सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में स्पीडबोट कैप्टन गिरफ्तार

वियतनाम के फू कुओक द्वीप के पास हुए दर्दनाक नाव हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। हादसे के बाद स्पीडबोट कैप्टन को गिरफ्तार किया गया है।
सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में स्पीडबोट कैप्टन गिरफ्तार
वियतनाम में ऊंची लहरों के बीच बेकाबू हुई नाव

वियतनाम के मशहूर पर्यटन स्थल फू कुओक द्वीप के पास शनिवार को हुए नाव हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। पर्यटकों से भरी एक तेज रफ्तार स्पीडबोट समुद्र में अचानक पलट गई जिससे कई लोग समुद्र की तेज लहरों में बह गए। हादसे के बाद वियतनाम प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने स्पीडबोट के 57 वर्षीय कैप्टन को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर समुद्री सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया है।

ऊंची लहरों के बीच बेकाबू हुई नाव

बताया जा रहा है कि हादसे के समय समुद्र में तेज लहरें उठ रही थीं। हालांकि इलाके में बारिश नहीं हो रही थी और कई अन्य नावें भी समुद्र में चल रही थीं। लेकिन तेज लहरों के दबाव में स्पीडबोट अपना संतुलन खो बैठी और कुछ ही पलों में पलट गई। हादसे के समय नाव में बड़ी संख्या में पर्यटक सवार थे। नाव पलटने के बाद कई यात्री समुद्र में फंस गए और मदद के लिए संघर्ष करते रहे।

चश्मदीदों ने ऐसे बचाई कई लोगों की जान

घटना के प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय निवासी हा वान लोक ने बताया कि उन्होंने पलटी हुई नाव के नीचे करीब एक दर्जन लोगों को फंसे हुए देखा। कुछ लोग नाव के निचले हिस्से को पकड़कर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे जबकि कई यात्री बिना लाइफ जैकेट के समुद्र की लहरों में बह रहे थे। चश्मदीदों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने अपनी नाव से रस्सियों से बंधी लाइफबॉय समुद्र में फेंकी और कई लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद जेट स्की की मदद से बचे हुए यात्रियों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया गया।

ये भी पढ़ें: वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 की मौत; 21 लोगों को बचाया गया, भारतीय दूतावास ने जारी की हेल्पलाइन

17 भारतीय पर्यटकों को बचाया गया

हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हुई है जबकि 17 भारतीय पर्यटकों को बचा लिया गया। इनमें से 16 लोग भारत लौटने की तैयारी में हैं। वहीं एक पर्यटक की हालत गंभीर बनी हुई है जिसका इलाज फू कुओक के अस्पताल में चल रहा है।

शवों को भारत भेजने की तैयारी

हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी भारतीय पर्यटकों के शवों को हो ची मिन्ह सिटी भेज दिया गया है। वहां से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को भारत लाया जाएगा। भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

ये भी पढ़ें: India-Vietnam Relations: पीएम मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति की द्विपक्षीय बैठक, 2030 तक व्यापार को 25 अरब डॉलर पहुंचाने का लक्ष्य

समुद्री सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद Vietnam में पर्यटक नावों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या नाव में सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था थी और क्या यात्रियों को जरूरी सुरक्षा निर्देश दिए गए थे। स्पीडबोट कैप्टन की गिरफ्तारी के बाद अब जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts