वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी,15 की मौत; 21 लोगों को बचाया गया, भारतीय दूतावास ने जारी की हेल्पलाइन

वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव समुद्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, नौसेना और कोस्ट गार्ड ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। वहीं, वियतनाम में भारतीय दूतावास ने भी तुरंत सक्रिय होकर स्थानीय अधिकारियों से संपर्क साधा और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए।
भारतीय दूतावास ने कहा- घटना पर लगातार नजर रखी जा रही है
हादसे के बाद वियतनाम में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी किया। दूतावास ने कहा कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव के पलटने की दुखद सूचना मिली है। दूतावास ने अपने बयान में कहा, "हम स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। घटना से जुड़ी हर जानकारी जुटाई जा रही है और राहत एवं बचाव अभियान पर लगातार नजर रखी जा रही है।" दूतावास ने यह भी कहा कि भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दोपहर में हुआ हादसा, अचानक पलटी नाव
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। ओशन पियर आइलैंड कंपनी की नाव पर्यटकों को लेकर होन मोंग रूट से एन थोई पोर्ट की ओर जा रही थी। यह इलाका फु क्वोक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। यात्रा के दौरान बंदरगाह से कुछ दूरी पहले नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह समुद्र में पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार सभी लोग पानी में गिर गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास की नावों ने तुरंत शुरू किया बचाव अभियान
घटना को देखते ही आसपास मौजूद कई पर्यटक नावें मदद के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। बचाव अभियान में शामिल एक नाव संचालक ने बताया कि उनकी टीम करीब पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि राहत कार्य आसान नहीं था क्योंकि कई यात्री नाव के भीतर फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया, जबकि कई यात्रियों की जान नहीं बचाई जा सकी।
तेज लहरों के बीच हुआ हादसा, जांच जारी
अधिकारियों के मुताबिक हादसे के समय समुद्र में लहरें काफी तेज थीं, हालांकि मौसम सामान्य था और बारिश नहीं हो रही थी। आसपास अन्य पर्यटक नावें भी चल रही थीं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाव किस वजह से पलटी। स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
नौसेना, कोस्ट गार्ड और बॉर्डर गार्ड ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही एन थोई बॉर्डर गार्ड ने दो जहाजों के साथ 35 अधिकारियों और जवानों को मौके पर भेजा। इसके अलावा वियतनाम की नौसेना, कोस्ट गार्ड और अन्य बचाव एजेंसियां भी राहत अभियान में शामिल हो गईं। कई घंटे तक चले अभियान के बाद नाव में सवार सभी 36 लोगों को समुद्र से बाहर निकाल लिया गया। इनमें 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं।
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम बनाए हैं। हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सहायता के लिए +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 नंबर जारी किए हैं। इसके अलावा हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने भी हेल्पलाइन +84 91 308 9165 जारी की है। दूतावास ने कहा है कि किसी भी जानकारी या सहायता के लिए प्रभावित परिवार इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि भारतीय मिशन स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।












