Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर में ड्राइवर की खुदकुशी: VIDEO में SI पर मारपीट और वसूली के आरोप- डीसीपी का एक्शन तुरंत सस्पेंड

Follow on Google News
 VIDEO में SI पर मारपीट और वसूली के आरोप- डीसीपी का एक्शन तुरंत सस्पेंड
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर में एक टैक्सी ड्राइवर की आत्महत्या ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। राऊ थाना क्षेत्र के पलाश परिसर में रहने वाले अभिषेक पाटिल ने फांसी लगाकर जान दे दी, लेकिन उससे पहले बनाया गया उसका वीडियो अब कई सवाल खड़े कर रहा है। मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में अभिषेक ने राजेंद्र नगर थाने के सब-इंस्पेक्टर मनोहर पाल पर गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि एक्सीडेंट के बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और गाड़ी छोड़ने के बदले 50 हजार रुपए की अवैध वसूली का दबाव बनाया गया। पैसे नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी भी दी गई।

    चालक ने 25 हजार रुपए की मांग 

    बताया जा रहा है कि सोमवार रात अभिषेक की टैक्सी एक कार से टकरा गई थी। अभिषेक के मुताबिक, सामने चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे यह हादसा हुआ। इसके बाद कार चालक ने 25 हजार रुपए की मांग की, लेकिन अभिषेक मरम्मत कराने की बात कहता रहा। विवाद बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। वीडियो में अभिषेक ने दावा किया कि थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और टीआई का व्यवहार सामान्य था, लेकिन SI मनोहर पाल ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उसने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की गाड़ी छोड़ दी गई, क्योंकि उसका ड्राइवर SI का परिचित था।

     

    सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग 

    अभिषेक ने वीडियो में थाने की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग भी की थी, ताकि सच्चाई सामने आ सके। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए SI मनोहर पाल को सस्पेंड कर दिया है। परिवार की बात करें तो अभिषेक के पिता स्क्रैप का काम करते हैं, जबकि उसके दोनों बड़े भाई रैपिडो चलाते हैं। अभिषेक हाल ही में पलाश परिसर में किराए का फ्लैट लेकर अलग रहने लगा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वीडियो में लगाए गए आरोपों की सच्चाई खंगाली जा रही है।

     डीसीपी ने किया सस्पेंड 

     डीसीपी कृष्णलाल चंददानी ने बताया कि वाइरल वीडियो में अभिषेक ने बताया था कि सोमवार रात राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ था। इसके बाद डायल 112 की टीम दोनों पक्षों को थाने लेकर आई थी। अभिषेक टैक्सी चालक था और दूसरे पक्ष की गाड़ी को नुकसान हुआ था। आरोप है कि दूसरी पार्टी की ओर से उससे 25 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। अभिषेक ने वीडियो में पुलिस पर भी दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं, लेकिन इन आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर रक्षित केंद्र भेज दिया गया है।

     

     तीन दिन में रिपोर्ट मांगी

    पूरे मामले की जांच एसीपी गांधीनगर को सौंपी गई है और तीन दिन में रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि सब-इंस्पेक्टर की क्या भूमिका थी और क्या वास्तव में किसी तरह की पैसों की मांग या दबाव बनाया गया था। मृतक ने घटना से पहले अपने परिजनों को कुछ मैसेज भी भेजे थे। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि वीडियो बनाते समय वह शराब के नशे में था और उसमें बीयर व सिगरेट पीते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने बताया कि सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभिषेक अकेले किराए के मकान में रहता था, जबकि उसका परिवार द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में निवास करता है।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts