रायपुर की वसुंधरा यादव ने रचा इतिहास, देश के 16 सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों में बनाई जगह

प्रेम कुमार,रायपुर: छत्तीसगढ़ के लिए शिक्षा के क्षेत्र से बड़ी और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। रायपुर की शिक्षिका वसुंधरा यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बनाई है। उन्हें प्रतिष्ठित ‘India’s Best Teachers Award 2026’ के लिए देश के 16 सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों में चुना गया है। शिव नादर फाउंडेशन और यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के सैद बिजनेस स्कूल की पहल के तहत मिले इस सम्मान के साथ वसुंधरा को ऑक्सफोर्ड में शैक्षणिक विकास कार्यक्रम में प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा।
राष्ट्रीय सम्मान की सूची में छत्तीसगढ़ की बेटी
वसुंधरा यादव का चयन देशभर से चुने गए 16 उत्कृष्ट शिक्षकों में हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, बेहतर शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के विकास के लिए किए गए प्रयासों को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। यह उपलब्धि सिर्फ वसुंधरा यादव के लिए ही नहीं, बल्कि रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: देवरी पिकनिक स्पॉट में फिर मौत का साया, हसदेव नदी में 3 युवक डूबे, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
रायपुर के ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल में दे रहीं सेवाएं
वसुंधरा यादव वर्तमान में रायपुर के ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल में लॉ और सोशल साइंस की शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं। वे विद्यार्थियों को विषय की जानकारी देने के साथ उनके समग्र शैक्षणिक विकास पर भी लगातार काम करती हैं। उनकी शिक्षण शैली और विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन ने उन्हें स्कूल स्तर पर भी अलग पहचान दिलाई है।
विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में हासिल किए 98-99% अंक
वसुंधरा यादव के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उनके विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम 98 से 99 प्रतिशत तक रहे हैं। शिक्षण के प्रति उनका समर्पण और विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम तक पहुंचाने का प्रयास ही उनकी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनने की प्रमुख वजहों में शामिल है।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत
मुंबई यूनिवर्सिटी की गोल्ड मेडलिस्ट
शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली वसुंधरा खुद भी शानदार शैक्षणिक रिकॉर्ड रखती हैं। वह मुंबई यूनिवर्सिटी की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्होंने एलएल.बी., एलएल.एम. और बी.एड. की पढ़ाई पूरी की है। लॉ और सोशल साइंस के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता का लाभ लंबे समय से विद्यार्थियों को मिल रहा है।
ऑक्सफोर्ड में मिलेगा प्रशिक्षण का मौका
‘India’s Best Teachers Award 2026’ के साथ वसुंधरा यादव को यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के शैक्षणिक विकास कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में चयनित शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और बदलते शैक्षणिक दृष्टिकोणों को समझने का अवसर मिलेगा। इससे वसुंधरा को अपने शिक्षण अनुभव को और व्यापक बनाने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें: गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ, मंत्री खुशवंत साहब के हैं बड़े भाई
रायपुर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंची वसुंधरा
वसुंधरा यादव रायपुर के वल्लभ नगर, प्रियदर्शिनी कॉलोनी की रहने वाली हैं। वह लक्ष्मी यादव और डॉ. एन.पी. यादव की बेटी हैं। उनकी इस उपलब्धि के बाद परिवार, स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर 16 सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों में चयन होने के बाद वसुंधरा ने एक बार फिर यह साबित किया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा देश के बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम है।




















