वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई की ताबड़तोड़ पारी :जड़ा पहला शतक, पिता बोले थे- वैभव की राह पर है

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट में इन दिनों वैभव सूर्यवंशी का नाम खूब चर्चा में है, लेकिन अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी सुर्खियां बटोरने लगे हैं। महज 10 साल की उम्र में आशीर्वाद ने ऐसी पारी खेली है, जिसने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में उन्होंने क्रिकेट अकादमी ताजपुर की ओर से खेलते हुए शानदार शतक जड़ दिया।
87 गेंदों में 103 रन की पारी, 20 बाउंड्री लगाई
आशीर्वाद सूर्यवंशी ने 87 गेंदों पर 103 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस शतकीय पारी में 20 चौके और एक छक्का शामिल रहा। दाएं हाथ के बल्लेबाज आशीर्वाद ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और विपक्षी गेंदबाजों को खुलकर निशाना बनाया।
उनकी पारी की बदौलत क्रिकेट अकादमी ताजपुर ने 29.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 234 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए शिवम राज ने भी 75 गेंदों में 52 रन का योगदान दिया।
बड़े भाई ने शेयर किया वीडियो
आशीर्वाद की इस उपलब्धि को परिवार ने भी खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। वैभव सूर्यवंशी के बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने शतक का वीडियो और स्कोरकार्ड सोशल मीडिया पर शेयर किया। शतक पूरा करने के बाद आशीर्वाद ने हेलमेट उतारकर जश्न मनाया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें: सचिन तेंदुलकर का प्लेन में क्रिकेट : सारा ने पकड़ा कैच, लिखा- एटीट्यूड नहीं बदलना चाहिए भले एल्टीट्यूड कुछ भी हो
पिता ने मांगा आशीर्वाद के लिए प्यार
आशीर्वाद के शतक के बाद पिता संजीव सूर्यवंशी ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके छोटे बेटे ने प्रैक्टिस मैच में अपना पहला शतक बनाया है। साथ ही लोगों से अपील की कि वे आशीर्वाद पर भी अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें। संजीव पहले भी कह चुके हैं कि वे आशीर्वाद को भी आने वाले वर्षों में वैभव की तरह एक सफल क्रिकेटर बनाना चाहते हैं।
वैभव की तरह खेलते हैं आक्रामक क्रिकेट
आशीर्वाद फिलहाल बिहार में क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रहे हैं। क्रिकेट जानकारों के अनुसार उनकी बल्लेबाजी शैली काफी हद तक बड़े भाई वैभव से मिलती-जुलती है। वे भी शुरुआत से ही आक्रामक शॉट खेलने के लिए जाने जाते हैं और तेज गति से रन बनाने में विश्वास रखते हैं।
तीन भाइयों में मंझले हैं वैभव
सूर्यवंशी परिवार में तीन भाई हैं। सबसे बड़े उज्ज्वल सूर्यवंशी हैं, जबकि वैभव मंझले और आशीर्वाद सबसे छोटे हैं। माता आरती सूर्यवंशी और पिता संजीव सूर्यवंशी ने अपने बेटों के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
वैभव पहले ही बना चुके हैं रिकॉर्ड
आशीर्वाद के बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी इस समय भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं। हाल ही में उनका चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज तथा एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में हुआ। 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाकर उन्होंने भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड बनाया।
इसके अलावा IPL 2026 में 776 रन बनाकर वैभव ने ऑरेंज कैप जीती थी। अब छोटे भाई आशीर्वाद की शतकीय पारी ने संकेत दे दिए हैं कि सूर्यवंशी परिवार से क्रिकेट का एक और सितारा उभरने की तैयारी में है।











