UP में 1 लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM योगी ने बताया अगले 6 महीने का प्लान

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। अलग-अलग विभागों में हर सप्ताह नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
6 महीने में 1 लाख नौकरियां
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इसी कार्यक्रम में सीएम योगी ने प्रदेश के युवाओं को भरोसा दिलाया कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग चरणों में हर सप्ताह युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
बिना भेदभाव के हो रही भर्ती
सीएम योगी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि जब बिना किसी भेदभाव के सही उम्मीदवारों को मौका मिलता है, तो इसका फायदा पूरे प्रदेश को मिलता है।
अब तक 9.30 लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार अब तक 9 लाख 30 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इन नियुक्तियों में किसी तरह की गड़बड़ी का सवाल नहीं उठाया जा सकता।
सपा पर लगाए गंभीर आरोप
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार होता था। उनका आरोप है कि भर्ती का विज्ञापन निकलते ही वसूली शुरू हो जाती थी और युवा नौकरी के लिए परेशान होते रहते थे। उन्होंने कहा कि कई मामलों में रिजल्ट नहीं आता था और बाद में कोर्ट से रोक लग जाती थी। इससे युवाओं का समय और उम्र दोनों खराब होते थे।
नकल माफिया पर भी सख्त कार्रवाई का दावा
योगी ने कहा कि नौकरी नहीं मिलने के लिए युवाओं को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उनके मुताबिक असली समस्या भर्ती आयोगों और सरकारी व्यवस्था में मौजूद भ्रष्ट लोगों की थी। उन्होंने कहा कि सरकार नकल माफिया और अलग-अलग संस्थानों में बैठे भ्रष्ट लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और उनके पीछे मौजूद लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।





















