Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला :मेधावी छात्राओं को मिलेगी मुफ्त स्कूटी, हेलमेट और 5 लीटर पेट्रोल भी देगी सरकार

उत्तर प्रदेश सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी है। 2025-26 में कॉलेज की टॉप 5% मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी, हेलमेट और 5 लीटर पेट्रोल दिया जाएगा। योगी कैबिनेट ने विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे समेत कई अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है।
मेधावी छात्राओं को मिलेगी मुफ्त स्कूटी, हेलमेट और 5 लीटर पेट्रोल भी देगी सरकार
योगी सरकार का बड़ा तोहफा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य की मेधावी छात्राओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत वर्ष 2025-26 में कॉलेजों की टॉप 5% मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। इसके साथ हेलमेट और 5 लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराया जाएगा।

रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मिली मंजूरी

योगी कैबिनेट की बैठक में कुल 16 प्रस्तावों पर मुहर लगी, जिनमें उच्च शिक्षा विभाग का यह महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी शामिल है। सरकार का उद्देश्य मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी आवाजाही को आसान बनाना है।

किन छात्राओं को मिलेगा योजना का लाभ?

योजना के तहत राज्य के प्रत्येक कॉलेज की टॉप 5% मेधावी छात्राओं को पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी दी जाएगी।

इसके अलावा इन छात्राओं को भी प्राथमिकता मिलेगी-

  • दिव्यांग छात्राएं
  • शहीद परिवारों की बेटियां
  • निराश्रित परिवारों की छात्राएं
  • आय सीमा भी तय

सरकार ने इस योजना के लिए पात्रता की आय सीमा भी तय की है। जिन परिवारों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक है, उनकी मेधावी छात्राएं इस योजना का लाभ उठा सकेंगी।

Yogi cabinet

स्कूटी के साथ मिलेंगे ये फायदे

योजना के तहत लाभार्थी छात्राओं को मुफ्त पेट्रोल स्कूटी, हेलमेट, 5 लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा, ताकि शुरुआत में उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

कैबिनेट ने एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को भी दी मंजूरी

छात्राओं की योजना के अलावा योगी कैबिनेट ने कई बड़ी आधारभूत परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है।

इनमें प्रमुख हैं-

  • प्रयागराज से सोनभद्र तक 330 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे को मंजूरी।
  • 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को हरी झंडी।
  • आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी।
  • ईपीसी (EPC) मोड पर एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए डेवलपर चयन प्रस्ताव को स्वीकृति।

कई विभागों के प्रस्ताव भी हुए मंजूर

कैबिनेट बैठक में महिला कल्याण, गृह, उच्च शिक्षा, परिवहन, राज्यकर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन और सहकारिता विभाग से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से शिक्षा, बुनियादी ढांचे और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts