कुलगाम में लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपा था; सरेंडर से किया इनकार

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को मार गिराया। वह एक मस्जिद में छिपा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया और सुरक्षित सरेंडर का भरोसा भी दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे मस्जिद से बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। बाहर निकलते ही सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया।
एसएसपी ने वीडियो कॉल पर की थी बात
कुलगाम के एसएसपी अनायत अली के मुताबिक, उन्होंने खुद लतीफ भट से लंबी वीडियो कॉल पर बात की थी। इस दौरान उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया गया और भरोसा दिलाया गया कि सरेंडर करने पर उसकी जान बख्श दी जाएगी। हालांकि, लतीफ ने इस पेशकश को ठुकरा दिया। एसएसपी के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान लतीफ ने कथित तौर पर कहा- मेरे साथ अल्लाह के सिवा कोई नहीं है।
रात 2:45 बजे मस्जिद में घुसा था आतंकी
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट रात करीब 2:45 बजे मस्जिद में दाखिल हुआ और वहां से गोलीबारी शुरू कर दी। उसे बाहर निकालने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे। धार्मिक स्थल को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरती गई और मस्जिद के अंदर सुरक्षाबलों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
नवंबर 2025 में लश्कर में शामिल हुआ था लतीफ
एसएसपी ने बताया कि लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। अधिकारियों का आरोप है कि वह खुद कट्टरपंथ की राह पर गया था और उसे सीमा पार से जम्मू-कश्मीर में शांति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बाधित करने के निर्देश मिल रहे थे।
कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड बताया गया
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ भट कुलगाम में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड था। बताया गया कि हमले से एक दिन पहले, 10 नवंबर 2026 को, लश्कर कमांडर लतीफ भट और आतंकी उमर निसार डार ने कुलगाम जिले के कई संवेदनशील इलाकों की रेकी की थी। दोनों ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम जैसे क्षेत्रों का दौरा किया था। बताया जा रहा है कि उनकी गतिविधियां स्थानीय सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई थीं।
11 नवंबर को CRPF नाके पर किया था हमला
आरोप है कि रेकी के अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोनों आतंकियों ने अखरान इलाके में स्थित CRPF नाके पर अचानक हमला किया था। हमले के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने लतीफ भट को इस साजिश का मास्टरमाइंड चिन्हित किया और उसके खिलाफ ऑपरेशन शुरू किया।




















