भोपाल के 28 वर्षीय सुमित सोनी अंगदान से बने जीवनदाता, 3 मरीजों को मिला नया जीवन; 2 को मिलेगी रोशनी

भोपाल। किसी अपने को खोने का दुख असहनीय होता है, लेकिन ऐसे मुश्किल समय में लिया गया एक फैसला कई परिवारों की जिंदगी में खुशियां लौटा सकता है। भोपाल के कोलुआ कला निवासी 28 वर्षीय सुमित सोनी के परिजनों ने उनके अंगदान का निर्णय लेकर मानवता की मिसाल पेश की है। सुमित की दो किडनी और लिवर के प्रत्यारोपण से तीन गंभीर मरीजों को नया जीवन मिला है, जबकि उनके दोनों कॉर्निया से दो अन्य लोगों को आंखों की रोशनी मिलने की उम्मीद है। यह अंगदान पीपुल्स हॉस्पिटल, भानपुर और AIIMS भोपाल की विशेषज्ञ टीमों के समन्वय से संभव हुआ। इस पूरी प्रक्रिया में आर. पी. फाउंडेशन के संस्थापक और पीपुल्स ग्रुप के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर रोहित पंडित के नेतृत्व में अस्पताल प्रशासन ने अहम भूमिका निभाई।
डॉक्टर की समझाइश पर परिजनों ने लिया अंगदान का फैसला
पीपुल्स हॉस्पिटल के ICU इंचार्ज डॉ. दीपक कुमार जैन ने सुमित के परिजनों को अंगदान के महत्व और इससे दूसरे लोगों को जीवनदान मिलने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। चिकित्सकों की समझाइश और संवेदनशील पहल के बाद परिजनों ने अपने दुख के बीच अंगदान जैसा बड़ा फैसला लिया। इसके बाद पीपुल्स हॉस्पिटल ने अंगदान की प्रक्रिया के लिए जरूरी समन्वय किया और सुमित को आगे की प्रक्रिया के लिए AIIMS भोपाल भेजा गया।
दो किडनी और लिवर से तीन मरीजों को मिला जीवनदान
AIIMS भोपाल में सुमित की एक किडनी का सफल प्रत्यारोपण किया गया। वहीं, AIIMS भोपाल के मार्गदर्शन और समन्वय से विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने दूसरी किडनी और लिवर का भी सफल प्रत्यारोपण किया। इस तरह तीन गंभीर मरीजों को नया जीवन मिला। सुमित के दोनों कॉर्निया AIIMS भोपाल के आई बैंक में सुरक्षित रखे गए हैं। इनके माध्यम से दो अन्य जरूरतमंद मरीजों को दृष्टि मिलने में मदद मिलेगी।
सुमित को गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई विदाई
अंगदान की प्रक्रिया के दौरान पीपुल्स हॉस्पिटल में स्वर्गीय सुमित सोनी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे सम्मान के साथ AIIMS भोपाल के लिए विदाई दी गई। मध्य प्रदेश पुलिस की टीम ने भी उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। इस दौरान अस्पताल में मौजूद लोग भावुक हो गए। इस अवसर पर आर. पी. फाउंडेशन के सचिव एवं पीपुल्स विश्वविद्यालय के कार्यकारी निदेशक अंकित द्विवेदी, पीपुल्स हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सादात कुरैशी, उपमहाप्रबंधक वेणीशंकर चन्ने सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।
अंगदान टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरी प्रक्रिया में पीपुल्स हॉस्पिटल की ऑर्गन डोनेशन एवं ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेशन टीम के सदस्य डॉ. राकेश भार्गव, डॉ. केतन मेहरा और डॉ. पुनीत करनपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। AIIMS भोपाल की विशेषज्ञ टीम के मार्गदर्शन और विभिन्न चिकित्सकीय विभागों के आपसी समन्वय से अंगदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई।
एक परिवार के फैसले से पांच लोगों को मिली नई उम्मीद
सुमित सोनी के परिजनों ने अपने प्रियजन को खोने के दुख के बीच अंगदान का फैसला लेकर दूसरों के जीवन में उम्मीद जगाई है। उनकी दो किडनी और लिवर से तीन मरीजों को नया जीवन मिला, जबकि दोनों कॉर्निया से दो अन्य लोगों को दृष्टि मिलने की संभावना है। सुमित अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके अंगों के जरिए पांच लोगों की जिंदगी में आए बदलाव उनकी याद को हमेशा जीवित रखेंगे। पीपुल्स हॉस्पिटल और आर. पी. फाउंडेशन की यह पहल अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को इस दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।




















