Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Gold Purity Test: सोने की शुद्धता जांचने वाली मशीन भी हुई फेल! रेनियम पाउडर से बढ़ाया वजन, फिर भी 24 कैरेट दिखा सोना

राजस्थान के जोधपुर में सोने में मिलावट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चीन से आए रेनियम पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया गया, लेकिन जांच मशीन इसे पकड़ नहीं पाई और सोना 24 कैरेट बताया।
Gold Purity Test: सोने की शुद्धता जांचने वाली मशीन भी हुई फेल! रेनियम पाउडर से बढ़ाया वजन, फिर भी 24 कैरेट दिखा सोना
राजस्थान के जोधपुर में चीन के रेनियम पाउडर से सोने का वजन बढ़ाने का मामला सामने आया।

सोने की शुद्धता जांचने वाली मशीनें भी धोखा खा सकती हैं! राजस्थान के जोधपुर में सोने में मिलावट का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ज्वेलरी बाजार से लेकर हॉलमार्किंग व्यवस्था तक पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां चीन से आए रेनियम (Rhenium) पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाने का प्रयोग किया गया। हैरानी की बात यह है कि रेनियम मिलाने के बाद भी सामान्य प्योरिटी टेस्ट मशीन ने सोने को 24 कैरेट बताया। यानी सोने का वजन तो बढ़ गया, लेकिन मशीन की जांच में मिलावट पकड़ में नहीं आई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सोना खरीदते समय मशीन की रिपोर्ट पर आंख बंद करके भरोसा करना सही है?

चीन के रेनियम पाउडर से कैसे बढ़ाया सोने का वजन?

जोधपुर में किए गए एक प्रयोग में 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में 1 ग्राम रेनियम पाउडर मिलाया गया। इसके बाद सोने और पाउडर का कुल वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया। आमतौर पर सोने की शुद्धता जांचने वाली मशीनें गहनों में मौजूद धातुओं की पहचान करने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं। लेकिन इस प्रयोग में मशीन ने रेनियम की मौजूदगी नहीं पकड़ी और मिश्रण को 24 कैरेट सोना बता दिया। इस घटना ने ज्वेलरी कारोबार में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मशीन की रिपोर्ट में 93.70% सोना

रेनियम पाउडर मिलाने के बाद इस मिश्रण से पारंपरिक राजस्थानी राजपूती आभूषण तैयार करवाया गया। इसके बाद गहने को जोधपुर की नई सड़क स्थित एक शोरूम में जांच के लिए ले जाया गया। यहां मशीन से जांच करने पर रिपोर्ट में ये आंकड़े सामने आए-

  • सोना: 93.70 प्रतिशत
  • चांदी: 5.39 प्रतिशत
  • तांबा: 0.90 प्रतिशत

क्या होता है रेनियम और सोने में क्यों मिलाया जा रहा है?

रेनियम एक दुर्लभ धातु है, जिसका इस्तेमाल कई औद्योगिक क्षेत्रों में किया जाता है। यह अपनी खास भौतिक और रासायनिक खूबियों के लिए जाना जाता है। जोधपुर में सामने आए मामले में इसका इस्तेमाल सोने का वजन बढ़ाने के प्रयोग के तौर पर किया गया। अगर किसी धातु को सोने में मिलाने के बाद सामान्य मशीन उसकी पहचान नहीं कर पाती, तो ग्राहक को गहने की वास्तविक संरचना के बारे में गलत जानकारी मिल सकती है।हालांकि, इस मामले में सामने आए प्रयोग को पूरे ज्वेलरी बाजार में इस्तेमाल हो रही मिलावट की तकनीक नहीं माना जा सकता। इसकी स्वतंत्र वैज्ञानिक और आधिकारिक जांच जरूरी है।

सोना खरीदते समय कैसे रखें सावधानी?

इस मामले के सामने आने के बाद सोना खरीदने वाले ग्राहकों के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

  • BIS हॉलमार्क जरूर देखें: सोने के गहने खरीदते समय BIS हॉलमार्क और HUID नंबर की जांच करें।
  • पक्की रसीद लें: गहने का वजन, कैरेट और कीमत बिल में साफ-साफ लिखवाएं।
  • भरोसेमंद ज्वेलर चुनें: हमेशा प्रतिष्ठित और विश्वसनीय दुकान से ही सोना खरीदें।
  • संदेह होने पर दोबारा जांच कराएं: केवल एक सामान्य मशीन की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें।
  • जरूरत पड़ने पर लैब टेस्ट कराएं: किसी खास मिलावट का शक होने पर उन्नत तकनीक से जांच कराने की मांग करें।

सोने की हॉलमार्किंग व्यवस्था पर उठे सवाल

जोधपुर का यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत में सोने की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए BIS हॉलमार्किंग व्यवस्था लागू है। ग्राहक हॉलमार्क देखकर गहने की शुद्धता पर भरोसा करते हैं। लेकिन अगर किसी खास धातु की मिलावट सामान्य मशीनों से पकड़ में नहीं आती, तो जांच के तरीकों को और बेहतर बनाने की जरूरत हो सकती है। 

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts